
जयपुर/अजमेर। देशभर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। हाल ही में अमूल और मदर डेयरी द्वारा कीमतों में इजाफा किए जाने के बाद अब राजस्थान के उपभोक्ताओं को भी महंगाई का एक और झटका लगा है। प्रदेश की प्रमुख डेयरी ब्रांड ‘सरस’ (जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड) ने दूध के सभी वेरिएंट्स की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। यह नई दरें 21 मई 2026 (गुरुवार) की शाम की सप्लाई से पूरी तरह प्रभावी हो जाएंगी। दूध के साथ-साथ डेयरी से जुड़े अन्य सह-उत्पादों जैसे दही, लस्सी, छाछ और पनीर की कीमतों में भी आनुपातिक रूप से सीमित बढ़ोतरी की गई है।
◆ जयपुर डेयरी प्रशासन के अनुसार, उपभोक्ताओं के लिए दूध के अलग-अलग वेरिएंट्स के नए दाम इस प्रकार तय किए गए हैं।
- सरस गोल्ड (फुल क्रीम): आधा लीटर अब ₹35 में मिलेगा, जबकि एक लीटर के लिए ₹70 चुकाने होंगे।
- सरस स्टैंडर्ड (शक्ति): आधा लीटर की कीमत ₹31 और एक लीटर की कीमत ₹62 होगी।
- सरस ताजा (टोंड): आधा लीटर ₹28 और एक लीटर ₹56 में उपलब्ध होगा।
- सरस स्मार्ट (DTM): आधा लीटर के दाम ₹24 और एक लीटर के दाम ₹48 तय किए गए हैं।
जयपुर डेयरी के प्रबंधन के मुताबिक, इस भीषण गर्मी के मौसम में उत्पादन और संचालन की लागत (Operational Cost) में लगातार वृद्धि हो रही है। चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच उपभोक्ताओं के लिए दूध की पर्याप्त आवक (सप्लाई) बनाए रखना और सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य हो गया था।

भले ही इस फैसले से आम उपभोक्ताओं का बजट प्रभावित होगा, लेकिन दूसरी ओर प्रदेश के ग्रामीण अंचल और पशुपालकों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है।
875 प्रति किलो फैट की दर से होगा भुगतान
भीषण गर्मी में हरा चारा, पशु आहार, दवाइयों, बिजली और मवेशियों के रखरखाव के खर्च में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए जयपुर डेयरी ने दुग्ध उत्पादकों के लिए दूध खरीद मूल्य में ₹25 प्रति किलोग्राम फैट की वृद्धि की है। अब पशुपालकों को ₹850 के स्थान पर ₹875 प्रति किलोग्राम फैट की दर से भुगतान किया जाएगा।
◆ मुख्यमंत्री संबल योजना का अनुदान रहेगा जारी
डेयरी प्रशासन ने साफ किया है कि इस बढ़ोतरी के अलावा पशुपालकों को मिलने वाली ₹2 प्रति किलोग्राम की फिक्स राशि और ‘मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक सम्बल योजना’ के तहत मिलने वाला ₹5 प्रति लीटर का सरकारी अनुदान पहले की तरह ही मिलता रहेगा।
◆ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
इस ऐतिहासिक निर्णय से जयपुर, कोटपूतली और दौसा जिले के लाखों दुग्ध उत्पादकों को हर महीने लगभग ₹6 करोड़ का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़