
बेगूं। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अनोपपुरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर चरछा में मंगलवार को 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष हैंड-हेल्ड एक्स-रे जांच शिविर आयोजित हुआ। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में कुल 276 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। आधुनिक तकनीक की मदद से मौके पर ही जांच कर मरीजों को तुरंत परामर्श व उपचार मुहैया कराया गया। सीएचओ सुनीता धाकड़ ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी की समय पर पहचान कर मरीजों को इलाज उपलब्ध कराना है। चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित कुमार सैनी ने बताया कि शिविर में पहले ग्रामीणों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की गई। लक्षण वाले मरीजों की सीबीनाट जांच की गई, वहीं अन्य संभावित 45 मरीजों का हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन से तत्काल परीक्षण किया गया। रोग की पुष्टि होने पर मरीजों को तुरंत उपचार से जोड़ा गया। शिविर में टीबी के साथ साथ रक्तचाप (बीपी) और शुगर की भी जांच की गई। इसमें बुजुर्गों, टीबी मरीजों के संपर्क में आए लोगों, धूम्रपान करने वालों और मधुमेह रोगियों की जांच पर विशेष जोर रहा। स्वास्थ्य विभाग ने जनप्रतिनिधियों व आमजन से ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी रोगियों को पोषण किट उपलब्ध कराने की अपील की। शिविर में डॉ. अमित कुमार सैनी, संतोष धाकड़, खुशीराम चौधरी व चंदा राठौड़ सहित समस्त स्टाप मौजूद था।
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -