Explore

Search

June 7, 2026 2:45 am

चित्तौड़गढ़: हाईवे पर कालाबाज़ारी का खेल, 2 टैंकरों से 59 हज़ार लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त

चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज। चित्तौड़गढ़ पुलिस और रसद विभाग ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए कोटा-उदयपुर हाईवे पर स्थित भंडारिया में पेट्रोलियम पदार्थ के अवैध भंडारण और व्यापार का पर्दाफाश किया है। मौके से दो बड़े टैंकरों सहित भारी मात्रा में अवैध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया गया है।
पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब डिप्टी बृजेश सिंह और सदर थाना एसएचओ प्रेम सिंह को एक गोपनीय मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के मुताबिक कोटा-उदयपुर हाईवे पर स्थित रंगोली होटल के पीछे बने एक बाड़े में बड़े पैमाने पर पेट्रोलियम पदार्थ का अवैध कारोबार चल रहा था। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके पर घेराबंदी की और तुरंत रसद विभाग को इसकी इत्तला दी। सूचना मिलते ही जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी और प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर भारत पेट्रोलियम के दो बड़े टैंकर खड़े मिले, जिनमें कुल 59 हजार 20 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ था। टैंकरों के पास ही प्लास्टिक के कई जरीकेन और 200 लीटर की क्षमता वाले 6 प्लास्टिक के ड्रम भी मिले, जो पेट्रोलियम पदार्थ से पूरी तरह भरे हुए थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दोनों टैंकरों के चालकों को पकड़ा, जिनकी पहचान रतन सिंह और भगवान सिंह के रूप में हुई है, जो भींडर के रहने वाले हैं। ड्राइवरों ने बताया कि ये टैंकर मुंबई स्थित रिफाइनरी से पानीपत हरियाणा के लिए रवाना हुए थे। लेकिन वे तय रूट को छोड़कर रंगोली होटल के पीछे बने बाड़े में रुक गए। चालकों ने बताया कि यह होटल और बाड़ा मिट्ठू लाल गाडरी नाम के व्यक्ति का है, जिसकी शह पर यह पूरा अवैध खेल चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी ने दोनों टैंकरों, ड्रमों और जरीकेनों में भरे पूरे पेट्रोलियम पदार्थ को मौके पर ही ज़ब्त कर लिया है। वहीं, प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी की रिपोर्ट पर चित्तौड़गढ़ के सदर थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर