Explore

Search

June 12, 2026 2:02 am

गोरला गांव के निकट 100 टन अवैध बजरी का स्टॉक जब्त

बेगूं। क्षेत्र में अवैध खनन, निर्गमन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खनि अभियंता (चित्तौड़गढ़) के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन की टीम ने 100 टन अवैध बजरी का एक बड़ा स्टॉक जब्त किया है। जब्त की गई बजरी को सुरक्षा की दृष्टि से बेगूं पुलिस थाने के परिसर में रखवा दिया गया है।

इस तरह चला अभियान
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध बजरी भंडारण की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया। बेगूं थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता, तहसीलदार गोपाल लाल जीनगर और संबंधित हल्का पटवारी की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

गोरला के पास मिला अवैध स्टॉक
चेकिंग के दौरान टीम को ग्राम गोरला के निकट एक सुनसान स्थान पर बजरी का भारी स्टॉक पड़ा मिला। कार्रवाई के दौरान मौके पर किसी भी व्यक्ति, वाहन या मशीनरी के नहीं होने से यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह स्टॉक किसने और कब किया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए मौके के भू-निर्देशांक (25°6′58.137′N 75°5’2.969’E) भी दर्ज किए।

राजस्व रिकॉर्ड में यह है स्थिति
मौके पर मौजूद हल्का पटवारी ने राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर बताया कि जिस स्थान पर बजरी का स्टॉक किया गया था, वह पटवार हल्का सामरिया कलां के चौहानों का नया गांव (बिलानाम भटखेड़ी) की खसरा संख्या 106 और 107 में आता है।

नियम 54 के तहत हुई जब्ती की कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि उक्त स्थल पर बजरी स्टॉक करने की किसी भी प्रकार की कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी। बिना अनुमति के यह भंडारण RMM CR 2017 के नियम 54 के तहत पूरी तरह से अवैध श्रेणी में आता है। इसी आधार पर मौके पर पड़ी लगभग 100 टन बजरी को जब्त करने की कार्रवाई की गई और उसे डंपरों के माध्यम से बेगूं पुलिस थाना परिसर में सुरक्षित डलवाया गया।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर