Explore

Search

June 13, 2026 2:15 am

बेगू में 741 हेक्टेयर में प्रस्तावित जे.के. सीमेंट माइनिंग ब्लॉक का चौतरफा विरोध, किसान लामबंद, 13 जून को बुलाई किसानों की बैठक, बनेगी रणनीति

चित्तौड़गढ़। बेगूं क्षेत्र में जे.के. सीमेंट की प्रस्तावित लाइमस्टोन माइनिंग लीज को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। माइनिंग प्रोजेक्ट के विरोध में अब स्थानीय किसान और ग्रामीण पूरी तरह लामबंद हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार इस आंदोलन को बड़ा रूप देने के लिए आगामी 13 जून को देवनारायण की सराय शादी ग्राम में किसानों और ग्रामीणों की एक विशाल महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। बता दें कि बीते 9 जून को उथैन कलां में जे.के. सीमेंट की पर्यावरणीय जनसुनवाई आयोजित की गई थी, जहां जिला अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों को ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा था। आसपास के 9 गांवों से आए किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों ने एक स्वर में इस प्रोजेक्ट का कड़ा विरोध किया। बेगूं क्षेत्र के चंदाखेड़ी व उथैन कलां गांव में लगभग 741 हेक्टेयर जमीन पर यह माइनिंग ब्लॉक प्रस्तावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस प्रोजेक्ट से उनकी उपजाऊ जमीन और पर्यावरण पूरी तरह बर्बाद हो जाएंगे। किसान अब इस प्रोजेक्ट के खिलाफ एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। महापंचायत को सफल बनाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी मैसेज भेजकर ग्रामीणों व किसानों को इस बैठक में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा हैं। इधर 9 जून को हुई पर्यावरणीय जनसुनवाई में जेके सीमेंट के अधिकारी यतेंद्र कुमार शर्मा ने परियोजना का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया था कि यह योजना 741 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित है, जिसमें प्रति वर्ष 40 लाख टन सीमेंट का उत्पादन होगा। इस परियोजना पर 216 करोड़ रुपए की लागत आएगी और लगभग 1100 लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी ने विभिन्न पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सड़क और ग्रामीण विकास कार्यों को भी करने का आश्वासन दिया। लेकिन आसपास के गांवों से आएं ग्रामीणों और किसानों ने जे.के. सीमेंट के अधिकारियों की बात सिरे से नकारते हुए एक स्वर में कहा कि हम मर जाएंगे लेकिन जमीन नही देंगे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर