Explore

Search

June 15, 2026 2:32 am

जे.के. सीमेंट माइनिंग लीज के विरोध में उतरे किसान, कल बेगूं में होगा विशाल धरना प्रदर्शन

बेगूं। क्षेत्र में प्रस्तावित जे.के. सीमेंट माइनिंग लीज को लेकर किसानों का आक्रोश अब सड़कों पर उतरने लगा है। इस माइनिंग लीज को निरस्त करवाने की मांग को लेकर बेगूं क्षेत्र के सभी प्रभावित और अप्रभावित किसान सोमवार 16 जून 2026 को एक बड़ा जन-आंदोलन करने जा रहे हैं। इसके तहत बड़ी संख्या में एकजुट होकर किसान धरना देंगे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार आंदोलन की रणनीति के तहत कल प्रातः 10 बजे क्षेत्र के सभी किसान ठुकराई चौराहे स्थित सामूहिक विवाह सम्मेलन स्थल पर एकत्रित होंगे।

जेके सीमेंट लिमिटेड के प्रस्तावित लाइम स्टोन ब्लॉक के विरोध में क्षेत्र के किसान आक्रोश में है,अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि और आजीविका को बचाने के लिए कई गांवों के किसान पूरी तरह से लामबंद हो गए हैं और उन्होंने प्रस्तावित माइनिंग लीज के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है।

अपने साधनों से करेंगे बेगूं कूच
बताया कि सुबह 10 बजे ठुकराई चौराहे पर एकत्रीकरण के पश्चात, सभी किसान अपने अपने दुपहिया और चौपहिया साधनों से बेगूं मुख्यालय की ओर प्रस्थान करेंगे। वहां पहुंचकर प्रशासन के समक्ष पुरजोर तरीके से अपनी बात रखी जाएगी।

किसानों की स्पष्ट मांग— निरस्त हो माइनिंग लीज

किसानों का स्पष्ट कहना है कि प्रस्तावित जे.के. सीमेंट माइनिंग लीज से न केवल उनकी कृषि भूमि बल्कि पूरे क्षेत्र के पर्यावरण और आजीविका पर संकट मंडरा रहा है।

शादी गांव में जुटे सैकड़ों ग्रामीण
अपनी जमीनों को अधिग्रहण से बचाने की इस मुहिम के तहत शादी गांव स्थित देव नारायण सराय में एक विशाल पंचायत का आयोजन किया गया। इस बैठक में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और किसान शामिल हुए। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि कथित लाइम स्टोन ब्लॉक के नाम पर वे अपनी उपजाऊ और जीवनदायिनी जमीनें किसी भी कीमत पर छिनने नहीं देंगे। देव नारायण सराय में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से शादी, चंदाखेड़ी,देवरिया, परख्याखेड़ी, उत्थेनकलां और ठुकराई गांवों के किसान भारी संख्या में पहुंचे। सभी गांवों के लोगों ने एक स्वर में जेके सीमेंट की प्रस्तावित माइनिंग परियोजना का कड़ा विरोध दर्ज कराया और एकजुट होकर इस लड़ाई को अंतिम अंजाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर