
बस्सी, माय सर्कल न्यूज, गोपाल खटीक। एक तरफ सूबे की सरकार अवैध खनन के खिलाफ बड़े-बड़े अभियान चला रही है, दावे किए जा रहे हैं कि माफियाओं की कमर तोड़ दी जाएगी। लेकिन चित्तौड़गढ़ के बस्सी से जो तस्वीरें और खबर सामने आ रही है, वो दावों की धज्जियां उड़ाने के लिए काफी है। बस्सी में इस वक्त कानून का नहीं, बल्कि पोपाबाई का राज चल रहा है.! यहाँ खनन माफिया इतने बेखौफ हो चुके हैं कि अब वे किसानों के खेतों पर रातों रात डाका डाल रहे हैं। बस्सी क्षेत्र इस समय अवैध खनन का सबसे बड़ा अड्डा बन चुका है। चरनोट, बिलानाम और सरकारी जमीनों को छलनी करने के बाद अब माफियाओं की नजरें किसानों की उपजाऊ जमीन पर टिक गई हैं। बस्सी पुलिस थाने और क्वार्टर के रास्ते से ही रोज बेधड़क जेसीबी और ट्रैक्टर गुजरते हैं। राजस्व विभाग, खनिज विभाग और पुलिस… तीनों विभागों को सब पता है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ सन्नाटा है। चर्चा तो यहाँ तक है कि हाल ही में एक बड़े अधिकारी ने काम तो रुकवाया, लेकिन साठगांठ करके जेसीबी और ट्रैक्टरों को बिना कार्रवाई के ही मौके से रफा-दफा कर दिया।
◆किसान के खेत से रातों रात खोदकर ले गए मिट्टी
माफियाओं के दुस्साहस का सबसे ताजा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है बस्सी के नेगड़िया खुर्द से। यहाँ किसान रतन लाल मीणा के पैर तले तब जमीन खिसक गई, जब उसने सुबह अपने खेत का नजारा देखा। माफियाओं ने रातों-रात जेसीबी और दर्जनों ट्रैक्टर लगाकर किसान के पूरे खेत की मिट्टी खोद डाली। आलम यह है कि जहाँ फसल लहलहानी थी, वहाँ अब गहरा पानी भरा हुआ है।
अवैध खनन का कारोबार लंबे समय से जारी है और रातों रात बड़ी मात्रा में मिट्टी निकाल कर ऊंचे दामों में बेच रहे है। इस पर रतन लाल ने बस्सी थाने में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी और कार्रवाई की मांग की है। यह भी बताया कि मिट्टी खोदकर सामने स्थित एक खेत में डाली गई है।
◆ मिट्टी माफियाओं की जान से मारने की धमकी
अवैध खनन होने व मिट्टी निकालने के बाद किसान रतन लाल मीणा ने इसका विरोध किया तो माफियाओं ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। रिपोर्ट में बताया कि सभी अभियुक्तों ने साठगांठ करके मिट्टी निकाली और अब विरोध करने पर धमका रहे है। पीड़ित ने परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान करने व माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़