
निम्बाहेड़ा। पवित्र हज यात्रा वर्ष 2026 से सकुशल लौटने पर कमधज नगर निवासी हाजी जनाब आरिफ खिलजी का रविवार को उनके निवास पर भावपूर्ण स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर हज खिदमत कमेटी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने साफा बंधवाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर तथा मुबारकबाद पेश कर उनका गर्मजोशी से इस्तकबाल किया।
हाजी आरिफ खिलजी 24 अप्रैल 2026 को पवित्र हज यात्रा के लिए सऊदी अरब के मुकद्दस शहर मक्का-मदीना शरीफ रवाना हुए थे। 46 दिवसीय रूहानी सफर पूर्ण कर वे 10 जून 2026 को सकुशल अपने वतन लौटे। उनके आगमन पर आयोजित समारोह में धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द का सुंदर वातावरण देखने को मिला। समारोह में जिला हज खिदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ के जिलाध्यक्ष उबैद खान ठेकेदार, हज खिदमत कमेटी निम्बाहेड़ा के सदर मतलूब अजमेरी, सचिव हाजी अख्तर पटेल, सरपरस्त हाजी जाहिद खान, नायब सदर हाजी भूरू जागीरदार, हाजी कल्लू बा मंसूरी, अनीस अहमद शेख, सादिक हुसैन, सलाहकार मोहम्मद फारूक छिपा, कोषाध्यक्ष अब्दुल कलाम एडवोकेट, इमरान खान एवं जमील खान उर्फ भाया बैट्री सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों का भी हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान हाजी गफूर साहब, डॉ. आसिफ खिलजी, डॉ. मंसूर, डॉ. आसिफ रहमान, शम्सुद्दीन भाई, जफर मिस्त्री, जफर खान, इशरत उस्ताद, वसीम खान एवं शमिउद्दीन खान सहित उपस्थित जनों ने हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों का साफा एवं पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मान किया। वक्ताओं ने हाजियों की सुविधा, मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए कमेटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
हज-2027 के आवेदन प्रारम्भ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उबैद खान ठेकेदार ने हाजी आरिफ खिलजी एवं उनके परिवार का आभार व्यक्त किया। वहीं कमेटी के सचिव हाजी अख्तर पटेल ने बताया कि हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है तथा आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
13 वर्षों से सेवा, सहयोग और समर्पण का सफर
हज खिदमत कमेटी, निम्बाहेड़ा वर्ष 2013 से निरंतर हाजियों की सेवा में समर्पित भाव से कार्यरत है। कमेटी द्वारा अब तक सैकड़ों हाजियों के निःशुल्क हज फॉर्म भरवाने, 513 पासपोर्ट बनवाने, जिला स्तरीय टीकाकरण एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा आवश्यक दस्तावेज हज हाउस जयपुर एवं टोंक रुबात में जमा करवाने जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की गई हैं। कमेटी द्वारा वर्ष 2018 से 2026 में सफल हज प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। वहीं वर्ष 2025 में टोंक रुबात व्यवस्था के माध्यम से प्रत्येक हाजी को लगभग 53 हजार रुपये का आर्थिक लाभ दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। आज हज खिदमत कमेटी, निम्बाहेड़ा क्षेत्र के हाजियों के लिए सेवा, विश्वास, सहयोग और समर्पण का पर्याय बन चुकी है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़