
चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने कुंभानगर चौपाटी के बहुप्रतीक्षित आवंटन में हो रही देरी पर भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह परियोजना पर्यटन की दृष्टि से पूरी तरह जनहित से जुड़ी हुई है, लेकिन वर्तमान सरकार की उदासीनता के कारण वर्षों बाद भी जनता इसका लाभ नहीं ले पा रही है।
जाड़ावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में इस पर्यटन परियोजना के मार्ग में आने वाली लगभग सभी प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी बाधाओं का समाधान कर दिया गया था। तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव अर्पणा अरोरा के कार्यकाल में राजस्व विभाग ने आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली थीं तथा रेलवे विभाग से भी अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुका था। इसके बावजूद भाजपा सरकार बनने के बाद शहर की इस महत्वपूर्ण पार्टियां योजना को आगे बढ़ाने में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की नीयत विकास की होती तो अब तक आवंटन प्रक्रिया पूरी कर जनता को आधुनिक चौपाटी, रोजगार के नए अवसर, पर्यटन को बढ़ावा और शहर को बेहतर सुविधाओं की सौगात मिल चुकी होती। लेकिन भाजपा सरकार केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित रह गई है, जबकि धरातल पर विकास कार्य ठप पड़े हैं।
पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि जनहित के ऐसे बहुत मुद्दों पर चंदेरिया सीएचसी, बस्सी उप जिला चिकित्सालय, सेटेलाइट हॉस्पिटल जैसे कार्यों के लिए राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय लेने की आवश्यकता होती है। वर्तमान भाजपा जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर तत्काल आवंटन प्रक्रिया प्रारंभ करनी चाहिए ताकि चित्तौड़गढ़ की जनता लंबे समय से लंबित इस परियोजना का लाभ प्राप्त कर सके।
जाड़ावत ने स्थानीय निर्दलीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने विकास की उम्मीद से उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा था, लेकिन अब तक शहर के विकास में उनका कोई उल्लेखनीय योगदान दिखाई नहीं देता। सरकार में प्रभाव होने के उनके स्वयं के दावे करने बावजूद वे जनसमस्याओं के समाधान के बजाय अपने निजी कार्यों में अधिक व्यस्त दिखाई देते हैं। यदि वे वास्तव में जनता के हितैषी हैं तो कुंभानगर चौपाटी के आवंटन की प्रक्रिया तत्काल शुरू करवाकर अपनी प्रतिबद्धता साबित करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास परियोजनाओं की गति लगातार धीमी हुई है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों की अनदेखी से परेशान है, जबकि सरकार केवल प्रचार और राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त है। चित्तौड़गढ़ जैसे ऐतिहासिक शहर की उपेक्षा किसी भी स्थिति में जनता स्वीकार नहीं करेगी।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़