
चित्तौड़गढ़। शहर के गांधीनगर क्षेत्र में घर में घुसकर दो भाइयों पर तलवार और डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के महज 8 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के नयागांव एमपी से गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 17 अगस्त का है, जब गांधीनगर सेक्टर-5 निवासी चित्रांश और उनके बड़े भाई हिमांशु घर पर सो रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे अचानक दो बदमाश घर में घुसे और हिमांशु पर तलवार व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में हिमांशु के सिर पर गंभीर चोटें आईं। जब छोटे भाई चित्रांश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
गंभीर अवस्था में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टेक्निकल सर्विलांस, एफएसएल और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के नयागांव नीमच एमपी में दबिश दी और दोनों आरोपियों नितिन लोठ निवासी- डिफेंस कॉलोनी, गांधीनगर, चित्तौड़गढ़ और जितेंद्र छपरीबंद पुरानी लोको रेलवे कॉलोनी, चित्तौड़गढ़ को धर दबोचा। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच और पूछताछ शुरू कर दी है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़