Explore

Search

August 29, 2026 4:13 am

प्रशासन

जिला कलक्टर ने बेगूं एवं रावतभाटा में मतदान केंद्रों एवं मतगणना स्थलों का किया निरीक्षण,सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, बैकअप, साफ-सफाई एवं मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जनजातीय क्षेत्र में प्रत्येक पात्र को योजनाओं से जोड़कर मुख्यधारा में करें शामिल- राज्यपाल

प्रतापगढ़। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजनाओं के समयबद्ध, प्रभावी और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ संसदीय क्षेत्र सांसद सी.पी. जोशी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, जनप्रतिनिधि कन्हैयालाल मीणा एवं  गोपाल कृष्णावत,महामहिम राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वीराज, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल, उप वन संरक्षक हरिकिशन सारस्वत, एडीएम विजयेश कुमार पंड्या, जिला परिषद सीईओ पर्वत सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत में जिला कलक्टर ने जिले का सामान्य परिचय एवं विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति से महामहिम को अवगत कराया। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के जल संरक्षण संरचनाओं जैसे तालाबों, बावड़ियों एवं एनिकटों के निर्माण के निर्देश दिए।

महामहिम राज्यपाल ने वनाधिकार अधिनियम, जनजाति क्षेत्रीय विकास योजनाओं, राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया मिशन, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आदि की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और सूचकांकों की समीक्षा करते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा तथा पोषण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने शिक्षा को जनजातीय कल्याण का सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यालयों एवं छात्रावासों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन की पहुंच सुनिश्चित की जाए, साथ ही उनकी कार्यात्मक स्थिति भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देने, कचरा संग्रहण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता मानकों का पालन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सांसद एवं विधायक निधियों से संचालित निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

आगमन पर हुआ गरिमामय स्वागत

राज्यपाल के प्रतापगढ़ आगमन पर हेलीपैड पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। समीक्षा बैठक के पश्चात सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनकी अगुवानी की गई। बैठक का शुभारंभ एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर