
बेगूं। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुवार को मंदिरों और आश्रमों में श्रद्धालुओं का दिनभर तांता लगा रहा। श्रद्धालु अपने-अपने गुरुओं की पूजा अर्चना कर चरण वंदना करते नजर आए। भक्ति भाव से ओतप्रोत माहौल में क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस बार की गुरु पूर्णिमा कुछ खास रही। राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेशभर में संतों और धर्मगुरुओं को सम्मानित करने की ऐतिहासिक पहल की गई। इधर राज्य सरकार द्वारा संतों और धर्मगुरुओं को सरकारी स्तर पर सम्मानित किए जाने के तहत उपखंड प्रशासन के अधिकारियों ने बनोड़ा बालाजी और मेंढ़केश्वर महादेव पहुंचकर राज्य सरकार की ओर से साधु संतों का सम्मान किया।
जानकारी के अनुसार बेगूं क्षेत्र में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिरों और आश्रम पर दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं द्वारा गुरु चरणों की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया गया। राजस्थान में पहली बार गुरु पूर्णिमा पर एक ऐतिहासिक पहल की गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में राज्य सरकार द्वारा संतों और धर्मगुरुओं को सरकारी स्तर पर सम्मानित किया गया। यह फैसला प्रदेश में सनातन संस्कृति और संत परंपरा को पुन: प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। इसी के तहत बेगूं उपखंड अधिकारी मनस्वी नरेश, नायब तहसीलदार विष्णुलाल यादव ने बनोड़ा बालाजी और मेंढ़केश्वर महादेव पहुंचकर राज्य सरकार की ओर से संतों को शॉल ओढ़कर, श्रीफल, अभिनंदन पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -