
भादसोड़ा। अफीम और डोडाचूरा की तस्करी में मिलने वाले सिक्कों की खनक किसी भी व्यक्ति को आकर्षित कर सकती है और कई सफेद पोश भी तस्करी में लिप्त हो जाते है। ऐसा ही एक मामला मंडफिया में सामने आया है जहां केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने डोडा चूरा तस्करी करते हुए पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक सुखवाल निवासी पारलिया को गिरफ्तार किया है। हालांकि पारलिया को छुड़ाने के लिए काफी प्रयास किये गये लेकिन वह विफल साबित हुए और एनसीबी ने 121 किलो डोडा चूरा के मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया है।


◆मंडफिया थानेे में चली उठापटक
एनसीबी की टीम द्वारा पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक पारलिया को पकड़े जाने के बाद कई नेता सक्रिय हो गए और उसे छुड़ाने के प्रयास करते दिखे। बाद में एनसीबी की टीम अशोक पारलिया को मंडफिया थाने ले गई। जहां देर रात तक अशोक को छुड़ाने के प्रयास होते रहे लेकिन एनसीबी टस से मस नहीं हुई। थाने मेंं ही सीजर कार्यवाही करने के बाद अशोक पारलिया को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि क्षेत्रीय सांसद स्वयं भादसोड़ा क्षेत्र से है और वे उनका करीबी बताया जाता है। अशोक पारलिया लेसवा ग्राम पंचायत के पारलिया गांव का निवासी है।
◆8/29 का आरोपी था अशोक
जानकारी में आया है कि अशोक पारलिया पहले भी अफीम और डोडा चूरा की तस्करी में लिप्त रहा है। सू्त्रों के हवाले से खबर है कि 4 किलो अफीम के मामले में अशोक पारलिया 8/29 का आरोपी था और एनसीबी की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। सूत्रों के हवाले से जानकारी है कि 8/29 के मामले में ही उसकी लोकेशन ट्रेस करवाई गई और उसे पकड़ने की कार्यवाही की गई। इसी दौरान उसकी कार से 121 किलो डोडा चूरा और बरामद हो गया। एनसीबी की टीम अशोक पारलिया से पूछताछ कर रही है।

Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़