
बेगूं। उपखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मालीखेड़ा और रामनगर स्थित राजकीय विद्यालयों में अज्ञात चोरों ने बीती रात धावा बोला दिया। मालीखेड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर चोर दो गैस सिलेंडर, 245 किलो गेहूं, तेल, मिर्च, हल्दी, धनिया सहित अन्य राशन सामग्री लेकर फरार हो गए।
वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामनगर में भी चोरों ने ताले तोड़कर ऑफिस व रसोईघर को निशाना बनाया। यहां से चोर टीवी, होम थिएटर, गैस टंकी और टेबल फैन सहित कई सामान चुरा ले गए।
इसी क्रम में रामनगर आंगनबाड़ी केंद्र को भी चोरों ने निशाना बनाया और वहां से भी आवश्यक सामग्री चुरा ले गए।
तीनों मामलों में विद्यालय प्रशासन व आंगनबाड़ी केंद्र की ओर से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शनिवार को विद्यालय कर्मचारी प्रातः 7.20 पर विद्यालय पहुंचे तो कमरों से सारे ताले टूटे हुए थे। विद्यालय रखा सामान बिखरा हुआ मिला।
विद्यालय प्रशासन व आंगनबाड़ी केंद्र की ओर से बेगूं एवं पारसोली पुलिस थाने में अलग अलग मामले दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस ने तीनों घटनाओं में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
