

◆Witten By_सलमान
चित्तौड़गढ़। केंद्रीय वित्त विभाग द्वारा गत माह अफीम नीति घोषित होने के बाद नारकोटिक्स विभाग ने पात्र किसानों को अफीम लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू कर दी हैं। अफीम लाइसेंस जारी होने के बाद किसान अफीम फसल की बुआई कर सकेंगे। चित्तौड़गढ़ और उदयपुर जिले की 15 तहसीलों के 758 गांवों के 21 हजार 954 किसानों को अफीम लाइसेंस देने काम चल रहा हैं। इस बार 99 फीसदी आवेदन ऑनलाईन आ चुके हैं। इस बार भी गम और सीपीएस पद्धति में अफीम पट्टे जारी होंगे जिनमें गम पद्धति यानी चिराई कर अफीम की लुवाई करने वाले 16 हजार 866 किसानों को 10-10 आरी के अफीम पट्टे जारी किए जा रहे हैं।

वही सीपीएस पद्धति यानी बिना चिराई लुवाई वाले 5 हजार 88 अफीम किसानों को 5-5 आरी के पट्टे जारी किए जाएंगे। चित्तौड़गढ़ नारकोटिक्स विभाग में अफीम पट्टों को लेकर अफीम किसानों की चहल-पहल देखी जा रही हैं। चित्तौड़गढ़ जिले में नारकोटिक्स विभाग के तीन खण्ड हैं जहाँ अलग-अलग तहसीलों के गांव शामिल हैं। प्रथम खण्ड में कुल 8289 अफीम लाइसेंस जारी होंगे जिनमें गम पद्धति में 6123 और सीपीएस पद्धति 2166 किसानों को अफीम पट्टे दिए जा रहे हैं। प्रथम खण्ड में चित्तौड़गढ़ और उदयपुर जिले की 7 तहसील शामिल हैं जिनके 309 गांव शामिल हैं। चित्तौड़गढ़, बस्सी, भदेसर और उदयपुर जिले की कानोड़, भींडर, लसाड़िया व वल्लभनगर तहसील शामिल हैं। इस खंड में एक लाइसेंस राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय उदयपुर को भी जारी होता हैं।

इसी तरह द्वितीय खण्ड में 6 तहसील के 187 गांवों के 6 हजार 200 अफीम किसानों को पट्टे जारी होंगे। द्वितीय खण्ड में चित्तौड़गढ़ जिले की कपासन, भोपालसागर, गंगरार, राशमी, डूंगला और उदयपुर जिले की मावली तहसील शामिल हैं। द्वितीय खण्ड में 5084 गम पद्धति और 1116 सीपीएस पद्धति में अफीम पट्टे जारी होंगे। तृतीय खण्ड में कुल 7465 किसानों को अफीम लाइसेंस पट्टे जारी किए जाएंगे। इस खंड में दो तहसील के 262 गांव के किसानों को अफीम लट्टे मिलेंगे। चित्तौड़गढ़ जिले की निम्बाहेड़ा तहसील के 162 गांव और बड़ीसादड़ी तहसील के 100 गांव के किसान शामिल हैं।

ऐसे किसान जिन्होंने ऑनलाईन आवेदन नही किए हैं और वो पात्र हैं उनके लिए 13 से 18 अक्टूबर तक अफीम लाइसेंस देने की प्रक्रिया जारी रहेगी। गत साल जिन अफीम किसानों ने सीपीएस पद्धति में 10 आरी में 90 किलोग्राम अफीम डोडा नारकोटिक्स विभाग को जमा करवाया उन किसानों के लाइसेंस अब गम पद्धति में शामिल किए गए हैं।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़