Explore

Search

March 7, 2026 6:57 pm

शाहपुरा में निकली स्वदेशी रैली, नगर पालिका अध्यक्ष ने किया आत्मनिर्भर भारत का आह्वान

शाहपुरा। शाहपुरा नगर पालिका की ओर से रविवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत स्वदेशी रैली का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली का उद्देश्य आमजन को हर घर स्वदेशी घर घर स्वदेशी के भाव से जोड़ना और भारत में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा। रैली महलों का चोक से प्रारंभ होकर त्रिमूर्ति स्मारक स्थल तक निकाली गई। इसमें नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, स्वच्छता मित्र और सफाई कार्मिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली में प्रतिभागी हाथों में तख्तियां लिए स्वदेशी अपनाने के नारे लगाते हुए चल रहे थे। वातावरण वोकल फॉर लोकल, स्वदेशी अपनाओ- देश बचाओ और मेड इन इंडिया पर गर्व करो जैसे नारों से गूंज उठा।
त्रिमूर्ति स्मारक स्थल पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रसर है। मोदी ने कोरोना महामारी के समय जब आत्मनिर्भर भारत का मंत्र दिया, तो वह केवल आर्थिक पहल नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय भावना थी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ है स्वदेशी उत्पादन, स्वदेशी रोजगार और स्वदेशी गौरव।
सोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जीएसटी क्रांति, कर सुधार, आयकर दरों में छूट और सरल नीतियों से भारत के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। भाजपा ने इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती (25 सितंबर) से भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती (25 दिसंबर) तक आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान चलाया है। इस अभियान का उद्देश्य हर घर स्वदेशी की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि शाहपुरा में इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में रूपांतरित किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को व्यापारी वर्ग, दुकानदारों, महिलाओं, स्ट्रीट वेंडर्स और युवाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हर दुकान और प्रतिष्ठान पर यहां सिर्फ स्वदेशी वस्तुएं मिलती हैं के स्टिकर लगाए जाएंगे। साथ ही, नगर के हर घर तक पहुंचकर नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प दिलाया जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए सोनी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत सिर्फ एक आर्थिक पहल नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। जब हम अपने देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तो न केवल स्थानीय उद्योगों को बल मिलेगा बल्कि युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों का लाभ आज गरीबों, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग तक पहुंच रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में शाहपुरा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन, रथ यात्राएं, और जनजागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा ताकि आमजन तक यह संदेश गहराई से पहुंचे। उन्होंने कहा, हर भारतीय गर्व से कहे मैं स्वदेशी खरीदता हूं, मैं स्वदेशी बेचता हूं। गर्व से कहो यह स्वदेशी है यही आत्मनिर्भर भारत की आत्मा है। कार्यक्रम में नगर पालिका के कर्मचारियों और स्वच्छता मित्रों ने भी संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन में विदेशी वस्तुओं का त्याग कर स्वदेशी उत्पादों का प्रयोग करेंगे। रैली के दौरान लोगों ने देशभक्ति गीतों पर कदमताल करते हुए भारत के गौरवशाली भविष्य की कल्पना को साकार करने का संदेश दिया।
रैली समापन पर उपस्थित जनों ने एक स्वर में कहा आत्मनिर्भर भारत हमारा संकल्प है, स्वदेशी हमारी पहचान।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर