Explore

Search

March 12, 2026 3:38 pm

अजयराज हत्याकांड मामला : नामजद आरोपियों से ज्यादा शरण देने वाले 12 आरोपी पकड़े

अजयराज हत्याकांड का मुख्य आरोपी ईश्वर सिंह ने महाराष्ट्र में काटी थी फरारी, शरण देने वाला हिमांशु जाट गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़। कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के सेमलपुरा के समीप एक खाने की होटल में गत एक जून को संगठित हमलावरों ने हमला कर अजयराज सिंह नामक युवक की हत्या कर दी थी। इस मामले में अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, वहीं लम्बी तलाश के बाद इस मामले के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर ईश्वर सिंह को उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया और पीसी रिमांड पर है। पुलिस आरोपी से हथियार बरामद करने के प्रयास में जुटी है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महाराष्ट्र के धुलिया में फरारी काटी थी। आरोपी को शरण देने के मामले में मूलतः भीलवाड़ा जिले के रहने वाले हिमांशु जाट को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। अब तक पुलिस ने अजयराज हत्याकांड मामले में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं जबकि हत्याकांड की वारदात में शामिल आरोपियों को शरण देने के मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। गत एक जून को कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के सेमलपुरा के पास एक होटल पर आए बदमाशों ने 4 पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिससे अजयराज सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा कि अजयराज सिंह और ईश्वर सिंह के बीच बजरी विवाद को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस अनुसंधान में जुटी है। वारदात का मुख्य आरोपी ईश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है जिससे पूछताछ में सामने आया हिस्ट्रीशीटर ईश्वर सिंह ने महाराष्ट्र धुलिया में फरारी काटी थी और ईश्वर सिंह को शरण देने के मामले में पुलिस ने हिमांशु पुत्र सोहन लाल जाट को गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्य आरोपी को शरण देने के मामले में हिमांशु जाट को पुलिस ने गिरफ्तार किया

बताया जाता है कि प्रारंभिक रूप से आरोपी ईश्वर का एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से धुलिया में आइसक्रीम का व्यवसाय करने वाले सोहन लाल जाट और उसके पुत्र हिमांशु जाट की शरण में फरारी काटी थी। जानकारी में आया है कि सोहनलाल जाट भीलवाड़ा जिले में सहाड़ा ब्लॉक में कांग्रेस का पदाधिकारी है और पिता-पुत्र दोनों पर अपराधिक मामले भी दर्ज है। पुलिस सोहन लाल जाट की भूमिका के संबंध में भी जांच में जुटी है। बजरी से जुड़े होने के कारण इस पूरे मामले में भीलवाड़ा जिले के भी बजरी कारोबार से जुड़े कई लोगों की संदिग्ध भूमिका सामने आई है। चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा की सरहद पर बनास नदी से बड़ी मात्रा में अवैध बजरी खनन किया जाता है। कपासन, राशमी और भीलवाड़ा हमीरगढ़ से बजरी निकालकर उसे ऊंचे दामों में भेजा जाता है और इसके कारण दोनों ही जिलों में बजरी माफिया पनप गये है। यही कारण है कि आरोपियों की फरारी भी भीलवाड़ा जिले के रहने वाले लोगों के यहां रही है। अजयराज हत्याकांड मामले में पुलिस लम्बे समय से मुख्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी। करीब पांच माह के बाद मुख्य आरोपी ईश्वर सिंह के गिरफ्तार होने के बाद इस मामले के एक और मुख्य वांछित अपराधी भैरू झुपड़ा की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इस मामले में डेढ़ दर्जन से अधिक गिरफ्तारियां होने के बावजूद अभी और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। बजरी विवाद और संगठित अपराध से जुड़ा होने के कारण मामला हाई प्रोफाइल बन गया था। अब पुलिस लगातार आरोपियों को शरण देने वालों पर भी निगाह गढ़ाये हुए है और उन्हें भी नामजद किया जा रहा है। फिलहाल एक नवम्बर तक ईश्वर सिंह रिमांड पर है और हथियार बरामदगी के प्रयास जारी है। इधर जानकारी में आया है कि पुलिस ने भीलवाड़ा जिले से एक-दो और संदिग्धों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी ईश्वर सिंह समेत राजपाल सिंह को वारदात करने वाले स्थान की मौका तस्दीक करवाई गई। इधर पुलिस ने मुख्य आरोपी को शरण देने के मामले में हिमांशु जाट को गिरफ्तार किया हैं। इस मामले में करीब आधा दर्जन गिरफ्तारियां होना शेष हैं। पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने को लेकर तलाश जारी हैं।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर