Explore

Search

December 14, 2025 1:32 pm

श्री जैन दिवाकर जन्म जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया, शोभायात्रा में उमड़े दिवाकर भक्त

चित्तौड़गढ़। जगत वल्लभ जैन दिवाकर चौथमल म सा की 148 वीं जन्म जयंती पर श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान चितौड़गढ़ द्वारा भव्य शोभायात्रा प्रातः 8 बजे खातर महल से प्रारंभ हुई जो सदर बाजार गांधी चौक सुभाष चौक होते हुए किला रोड़ स्थित श्री जैन दिवाकर भवन पर पहुंची जहां दिवाकर जन्म जयंती के पावन पर्व पर गुणानुवाद सभा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में बग्गी पर चौथमल महाराज सा का विशाल चित्र लगा हुआ था। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रावक श्राविकाएं उत्साह और भक्ति भाव से दिवाकर के भजन गाते हुए उनके जय जयकार के नारे लगा रहे थे। शोभायात्रा में सम्मिलित श्रावक श्वेत वस्त्रों में और महिलाएं चुंदड़ पहनकर सम्मिलित हुए। श्रमण संघ मीडिया प्रभारी सुधीर जैन ने बताया कि शोभायात्रा में सम्मिलित श्रावक श्राविकाओं ने परंपरागत मेवाड़ी साफा पहना जिससे शोभायात्रा देखते ही बन रही थी। शोभायात्रा में जैन दिवाकर पाठशाला के विद्यार्थी जैन ध्वज लहराते हुए आगे आगे चल रहे थे। बैंड की सुमधुर धुनों पर दिवाकर स्तुति के गीत और भजन से माहौल भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा से पूर्व खातर महल में नवकारसी का आयोजन हुआ। श्री जैन दिवाकर युवक परिषद द्वारा दुर्ग पर वानरों को बाटी खिला कर दिवाकर जन्म जयंती पर जीवदया का कार्यक्रम किया गया। युवक परिषद अध्यक्ष अर्पित बोहरा,मंत्री कुलदीप सिरोया और पदाधिकारी उपस्थित रहे। शोभा यात्रा में श्री जैन दिवाकर युवक परिषद द्वारा श्रमण संघ के अध्यक्ष किरण डांगी और महामंत्री राजेश सेठिया का मेवाड़ी पाग पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया गया और प्रभावना वितरित की गई। शोभायात्रा की पश्चात आयोजित गुणानुवाद सभा में श्री जैन दिवाकर महिला परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा गीतिका प्रस्तुत की गई। गुणानुवाद सभा का संचालन श्री जैन दिवाकर संगठन समिति के मंत्री सुधीर जैन ने किया। सुरेंद्र मारू इंदौर, विक्रम धाकड़ नीमच, लादू सिंह आंचलिया बेगू, श्री जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजकश्री संघ अध्यक्ष सांवरमल बोरिया, रेणुका आंचलिया, हंसा पटवारी, पदमा पगारिया, हस्तीमल चंडालिया, सुनीता रांका, हेमलता बोहरा, सुनील सिपानी ने दिवाकर स्तुति की प्रस्तुतियां दी। धर्म सभा में प्रवचन देते हुए संथारा विशेषज्ञ स्पष्ट वक्ता धर्म मुनि महाराज सा ने कहा कि जैन दिवाकर पूज्य गुरुदेव चौथमल महाराज गुणों की खान थे। हमें उनकी शिक्षाओं पर चलकर अपने आचरण को ऐसा करना होगा जिससे कि मोक्ष मार्ग का पथ सुगम हो सके। उन्होंने कहा कि कपड़े बदलने से नहीं अपितु आदतों को बदलने से मोक्ष मिल सकता है। चंद्रेश मुनि ने अपने प्रवचन में कहा कि जैन दिवाकर चौथमल महाराज सा का जीवन संघ एकता और भगवान महावीर के संदेशों को झोपड़ी से महलों तक पहुंचाने में बीता जिसकी वजह से उनके जाने के बाद भी उनके नाम के प्रति सभी का लगाव है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म सूक्ष्म धर्म है और हम सभी को संप्रदायवाद से ऊपर उठकर जीवन जीना चाहिए और अपनी सोच को विस्तृत करना चाहिए। भाव से ही भव है। गुणानुवाद सभा में चिराग मुनि म.सा, केशव मुनि म सा, साध्वी रत्न श्री मसा और साध्वी मंडल विराजित रहे। सभा में अखिल भारतीय जैन दिवाकर संगठन समिति के अध्यक्ष माणक तालेड़ा द्वारा संदेश दिया गया कि अखिल भारतीय जैन दिवाकर संगठन समिति का कार्य डॉ आई एम सेठिया संभालेंगे। पूज्य गुरुदेव धर्म मुनि की प्रेरणा से सभा में जैन संस्कार हेतु जैन दिवाकर धार्मिक पाठशाला श्री जैन दिवाकर भवन में प्रारंभ कर संचालित किए जाने की घोषणा पारस डांगी एवं डांगी परिवार द्वारा स्वर्गीय मदनलाल, लाड़ देवी, स्व.मनोहर लाल डांगी की पुण्य स्मृति में किए जाने की घोषणा की गई। गुणानुवाद सभा के पश्चात नानू नवकार भवन में गौतम प्रसादी हुई जहां दिवाकर भक्तों ने भजन गायक प्रबल जैन और राजेश जैन और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत दिवाकर स्तुति भजनों का आनंद लिया। धर्म मुनि म सा ने गांधीनगर स्थित डीपीएस पब्लिक स्कूल में मांगलिक प्रदान की। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान अध्यक्ष किरण डांगी और महामंत्री राजेश सेठिया ने दिवाकर जन्म जयंती महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने पर सभी का आभार व्यक्त किया।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर