चित्तौड़गढ़। जिला मुख्यालय पर मंगलवार देर रात होमगार्ड जवान की सजगता के चलते एक बड़ी एटीएम लूट की वारदात को विफल कर दिया गया। कार में आए अज्ञात बदमाशों ने उदयपुर मुख्य मार्ग पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को कटर से काट दिया था, लेकिन सायरन की आवाज सुनकर गश्त कर रहे होमगार्ड जवान शंभू व्यास ने मौके पर पहुंचकर अपनी विसल बजाई और बदमाशों की ओर दौड़े, जिससे वे मौके से भाग छूटे। सदर थाने के एएसआई जगवीर सिंह के अनुसार, सेंती इलाके में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को रात करीब 2 बजे अज्ञात बदमाशों ने कटर से काटना शुरू किया। कटर चलते ही एटीएम का सायरन बज उठा।
कुछ दूरी पर गश्त कर रहे होमगार्ड जवान शंभू व्यास ने सायरन की लगातार आवाज सुनी तो उन्हें किसी अनहोनी का संदेह हुआ। शंभू व्यास ने बताया कि उन्हें पहले लगा कि यह एंबुलेंस की आवाज होगी, लेकिन लगातार आवाज आने पर वे मुख्य मार्ग पर पहुंचे। उन्होंने एटीएम के बाहर एक कार खड़ी देखी और एक व्यक्ति के हाथ में कटर देखा। मामला समझते ही होमगार्ड शंभू व्यास ने बिना समय गंवाए अपनी विसल बजाई और जोर से एटीएम की तरफ दौड़े। मौके पर एक कार में और तीन एटीएम के अंदर थे। होमगार्ड की आवाज और तेजी देखकर बदमाश घबरा गए और तुरंत अपनी कार से भाग निकले। शंभू व्यास के अनुसार, वे बदमाशों से मात्र 10 फीट की दूरी पर रह गए थे। उन्होंने तत्काल प्रशिक्षु डिप्टी को इस संबंध में सूचना दी।
◆ पुलिस पहुंची मौके पर, आग पर काबू
सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह, प्रशिक्षु डिप्टी मनीष और सदर थाना इंचार्ज समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कटर से काटने के कारण एटीएम में आग लग गई थी, जिससे धुंआ निकल रहा था। तत्काल दमकल को बुलाया गया और आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने बैंक प्रबंधन को सूचित कर दिया है और उनकी रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। फरार कार सवारों की तलाश के लिए जिले भर में नाकाबंदी करवाई गई है।
◆ बहादुर जवान को मिला इनाम
एटीएम लूट की बड़ी वारदात विफल होने पर पुलिस अधिकारियों ने होमगार्ड जवान शंभू व्यास की बहादुरी की सराहना की। चित्तौड़गढ़ पुलिस उप अधीक्षक (मुख्यालय) बृजेश सिंह ने उनकी हौसला अफजाई करते हुए उन्हें 500 रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया। मिली जानकारी के अनुसार, वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें होमगार्ड के पहुंचने और बदमाशों के भागने का दृश्य कैद है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़