चित्तौड़गढ़। जिले में स्थित सैनिक स्कूल में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। स्कूल के हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित हुए समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं विशिष्ट अतिथि स्कूल की उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार थे। अतिथियों के परेड ग्राउंड पहुचने पर स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने स्वागत किया।
स्कूल के जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि हेलीपैड ग्राउंड पहुचने से पहले मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने स्कूल के परिसर में बने स्मृतिका पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर स्कूल के आर्मी, नेवी एवं एयरफोर्स तीनो विंग टुकड़ियों की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया एवं सभी कैडेट्स को देश की सेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि राष्ट्र की समृद्धि अनुशासन से ही संभव है। अनुशासित जीवन, नियमित दिनचर्या तथा समय का सही प्रबंधन व्यक्ति को मानसिक रूप से सशक्त बनाता है और उसे लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में अग्रसर करता है। अपने संबोधन में कहा कि आज के युग में प्रौद्योगिकी का महत्व अत्यंत बढ़ गया है। तकनीक का सही और सकारात्मक उपयोग देश की प्रगति में सहायक हो सकता है, किंतु यह भी आवश्यक है कि तकनीक हमारे ऊपर हावी न हो, बल्कि हम तकनीक को नियंत्रित करें। उन्होंने कैडेटों को देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद रखने और देश के हित में अपना सबसे बड़ा योगदान देने की सलाह दी। इस अवसर पर स्कूल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रसायन विज्ञान के वरिष्ठ अध्यापक ज्ञानेश्वर सिंह़, अंग्रेजी की अध्यापिका जयंती सक्सेना, संस्कृत के अध्यापक पी सी चंद्रशेखरन, कार्यालय अधीक्षक अरुण कुमार मिश्रा, लिपिक संजय कुमार मीना, सामान्य कर्मचारी रतन गुर्जर, हरफूल सिंह, मनोज, सफाई कर्मचारी राहुल हरिजन एवं कैडेट अधिराज आदि को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार को बधाई दी।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़