चित्तौड़गढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए चित्तौड़गढ़ एसीबी टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले की कपासन पंचायत समिति की सिंहपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के भुगतान के बदले रिश्वत मांग रहे ग्राम विकास अधिकारी और एलडीसी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। सरकारी सिस्टम में बैठे घूसखोरों पर नकेल कसते हुए चित्तौड़गढ़ एसीबी टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम विकास अधिकारी (VDO) पारस राम विश्नोई और कनिष्ठ सहायक (LDC) बाबू लाल शर्मा को 2 लाख 10 हजार रुपये की मोटी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा गया है। मामला विकास कार्यों के बकाया भुगतान से जुड़ा है। परिवादी ने सिंहपुर ग्राम पंचायत में करीब 12 लाख 80 हजार रुपये के विकास कार्य करवाए थे। मई और जून 2025 के इन कार्यों के 7 बिलों का ऑनलाइन भुगतान करने के बदले आरोपी लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे। एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के निर्देश पर उप अधीक्षक हरिश्चन्द्र सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाया गया। जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि आरोपियों को सौंपी, पहले से तैयार टीम ने उन्हें दबोच लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अब आरोपियों के अन्य ठिकानों की भी तलाशी ली जा रही है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़