चित्तौड़गढ़। जिले की निंबाहेड़ा तहसील के बांगेडा घाटा क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। रविवार, 15 फरवरी को अवैध खनन रोकने गए एक पटवारी पर जानलेवा हमला, मारपीट और सरकारी दस्तावेजों को नष्ट करने के प्रयास की घटना ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। इस घटना के विरोध में आज सोमवार को समस्त राजस्व कर्मचारी लामबंद हो गए और उग्र आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटवार हल्का बांगेडा घाटा में अवैध खनन की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग के पटवारी मौके पर पहुंचे थे। वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने न केवल पटवारी के साथ अभद्रता की, बल्कि उनके साथ मारपीट और छीना-झपटी भी की। माफियाओं ने पटवारी के पास मौजूद महत्वपूर्ण राजस्व रिकॉर्ड (राजस्व अभिलेख) को भी छीनकर नष्ट करने की कोशिश की।
इस कायराना हमले के विरोध में आज राजस्व सेवा परिषद के बैनर तले राजस्थान तहसीलदार सेवा परिषद, राजस्थान कानूनगो संघ एवं राजस्थान पटवार संघ ने एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने उपखण्ड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। आज तहसील कार्यालय के बाहर सभी कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना देकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। राजस्व संगठनों ने प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि आज शाम तक दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो कल यानी 17 फरवरी से पूरे उपखंड में संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़