Explore

Search

April 20, 2026 10:00 pm

बुझड़ा तालाब में नहाने गया व्यक्ति डूबा, दूसरे दिन मिला शव

बेगूं। क्षेत्र के भालका गांव स्थित बुझड़ा तालाब में नहाने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद रविवार को सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तालाब से शव बरामद किया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बूंदी जिले के सिलोरा गांव निवासी 40 वर्षीय लादूनाथ पुत्र सरदार नाथ कालबेलिया के रूप में हुई है। वह अपने छोटे भाई से मिलने भालका गांव आया हुआ था। शनिवार को वह गांव के समीप स्थित बुझड़ा तालाब में स्नान करने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार शाम तक पुलिस, परिजन एवं स्थानीय गोताखोरों द्वारा तालाब में काफी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। रविवार सुबह चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विशेष उपकरणों की सहायता से तालाब में सघन खोज अभियान चलाया और कुछ घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को बेगूं उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की और बाद में शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर