चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर के निर्देशन में मंगलवार को जिला परिषद सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने की। बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, बजट घोषणा प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज जन-अभियोगों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को रैंकिंग सुधारने के भी निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाएं। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
बजट घोषणा वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 के प्रावधानों एवं क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक ने विभागवार बजट उपयोगिता, स्वीकृत कार्यों एवं व्यय की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं हो। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित विद्युत बकाया की भी समीक्षा की गई। इस पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बकाया राशि का भुगतान माह के अंत तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर सतत नजर रखें तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं अजमेर विद्युत वितरण निगम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर ताराचंद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़