Explore

Search

March 31, 2026 6:44 pm

नरबदिया के सुनसान इलाके में जलाई स्कॉर्पियो, चेसिस नम्बर से वाहन मालिक की तलाश

चित्तौड़गढ़। जिले के मंडफिया थाना क्षेत्र के नरबदिया गांव में एक स्कॉर्पियो गाड़ी में आग लगने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुनसान इलाके में खड़ी स्कॉर्पियो धू-धू कर जल गई और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नरबदिया गांव के पास जंगल के एकान्त इलाके में अचानक आग की लपटें उठती देख लोग मौके पर पहुंचे। जब तक ग्रामीण कुछ कर पाते, आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया था। स्कॉर्पियो का टॉप मॉडल होना और एक सुनसान जगह पर इस तरह जलना कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर यह गाड़ी किसकी थी और इसे यहां लाकर आग किसने लगाई, यह फिलहाल एक बड़ा रहस्य बना हुआ है।
पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच घटना की सूचना पर मंडफिया थानाधिकारी रविंद्र सेन मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने गाड़ी के पूरी तरह जल जाने के कारण अब उसके चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सुनसान इलाके में स्कार्पियो में आग के बाद कई तरह की चर्चा हो रही हैं। क्या वाहन का उपयोग किसी अवैध तस्करी में किया गया था और सबूत मिटाने के लिए उसे जला दिया गया? क्या बीमा राशि हड़पने के उद्देश्य से जानबूझकर गाड़ी को आग के हवाले किया गया? क्या किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के बाद इस वाहन को नष्ट किया गया?
इधर इस मामले में मण्डफिया थानाधिकारी रविन्द्र सेन ने बताया कि नरबदिया के पास जंगल में एकांत स्थान पर एक जली हुई स्कॉर्पियो मिली है। वाहन चेसिस के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है। इंश्योरेंस के एंगल सहित पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर