Explore

Search

May 2, 2026 6:33 pm

भीलगट्टी हत्याकांड: शराब के नशे में मोबाइल के विवाद ने ली जान, तीन गिरफ्तार

भदेसर। जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के भीलगट्टी गांव में करीब साढ़े तीन महीने पहले हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। महज एक मोबाइल फोन के विवाद में चार दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी की हत्या कर दी और शव को सुनसान बीहड़ के कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब 27 अप्रैल की शाम को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक पप्पू भील की हत्या करने और उसकी लाश कुएं में फेंकने की बात कबूल कर रहा था। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी विनोद कुमार के निर्देशन में भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। मृतक की पहचान लढेर निवासी पप्पू भील (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पप्पू के माता-पिता का देहांत हो चुका था और पत्नी उसे छोड़ कर पीहर में रह रही थी। घर में कोई सदस्य न होने के कारण पिछले 3-4 महीनों से उसके लापता होने की किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। 28 अप्रैल को सिविल डिफेंस की मदद से कुएं से शव निकाला गया, जो पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था।मृतक और आरोपी अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। घटना की रात मोबाइल छिपाने की बात पर विवाद हुआ, जो हाथापाई और फिर हत्या तक पहुँच गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब साढ़े तीन महीने पहले वे सभी भीलगट्टी के बीहड़ में शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतक पप्पू ने आरोपी दिनेश का मोबाइल फोन छिपा दिया। मोबाइल वापस मांगने पर जब पप्पू ने मना किया, तो नशे की हालत में विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने डंडे से पप्पू के सिर पर वार किया और गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने शव को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में चांदमल उर्फ चांदू भील (20) निवासी आंतरी, कान्हा उर्फ किशन भील (22) निवासी भीलगट्टी और दिनेश रावल (30), निवासी भीलगट्टी को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने मृतक के काका माधु भील की रिपोर्ट पर हत्या और साक्ष्य नष्ट करने का मामला दर्ज किया है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर डीएनए सैंपल प्रिजर्व किए गए हैं ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य पुख्ता किए जा सकें।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर