बेगूं। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी ब्रह्माणी रिवर फ्रंट परियोजना में गुणवत्ता युक्त निर्माण कार्य सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर नगर एवं क्षेत्र के जागरूक नागरिकों द्वारा उपखंड अधिकारी एवं नगर पालिका प्रशासक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में परियोजना के निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता के पत्थरों एवं सामग्री के उपयोग सहित विभिन्न तकनीकी सुझाव दिए गए हैं।ज्ञापन में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा ब्रह्माणी नदी को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने के लिए प्रथम चरण में 14 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। वर्तमान में परियोजना का लगभग 45 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। ऐसे में यह परियोजना बेगूं क्षेत्र के लिए एक ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में देखी जा रही है, इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्षाकाल से पूर्व सुलीमंगरा से पुरानी बेगूं तक चल रहे खुदाई एवं चिनाई कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही नदी में बनने वाली रिटेनिंग वॉल के निर्माण में सामरिया, बिछोर एवं पारसोली क्षेत्र के लाइन आधारित मजबूत पत्थरों का उपयोग किए जाने की मांग की गई। जागरूक नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में उपयोग हो रहे क्वार्टजाइट लाल पत्थर में सीमेंट की पकड़ अपेक्षाकृत कम रहती है, जिससे निर्माण की दीर्घकालिक मजबूती प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा ज्ञापन में पर्यावरण अनुकूल एवं औषधीय पौधों के वृक्षारोपण, दीर्घकालिक गारंटी वाले रिवरज/सीवरेज प्लांट लगाने, भूमिगत पाइप लाइनों में आईएसआई मार्का पाइपों के उपयोग तथा पाइपों की साइज एवं मोटाई का प्रशासनिक स्तर पर सत्यापन करवाने की मांग भी की गई। हाल ही में चित्तौड़गढ़ जिला कलक्टर डॉ. मंजू द्वारा परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया था। इसके बाद नगर एवं क्षेत्र के जागरूक लोगों द्वारा भी परियोजना में बेहतर एवं टिकाऊ निर्माण सामग्री के उपयोग की मांग मुखर रूप से उठाई जाने लगी है। ज्ञापन में अंत में ब्रह्माणी रिवर फ्रंट को बेगूं की पहचान एवं भविष्य की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए सभी कार्य उच्च गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ करवाने की मांग की गई है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़