Explore

Search

July 27, 2026 5:42 am

चित्तौड़गढ़: भैंसों के तबेले से 2 करोड़ का डोडा-चूरा बरामद, 3 लग्जरी कारें व हथियार जब्त

चित्तौड़गढ़/जयपुर। राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बस्सी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी क्षेत्र में एक भैंसों के तबेले पर छापा मारकर करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का 12 क्विंटल 71 किलो 730 ग्राम अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है। मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 3 लग्जरी कारें, 2 अवैध बंदूकें और 47 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस को देखते ही तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।

पुलिस महानिरीक्षक (ANTF) विकास कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के तस्करों द्वारा मेवाड़ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर डोडा-चूरा सप्लाई करने की खुफिया सूचनाएं मिल रही थीं। इस पर ANTF ने देसूरी की नाल, उदयपुर, प्रतापगढ़, भीम और देवगढ़ के घाटों पर 7 से 8 स्थानों पर रणनीतिक नाकाबंदी की।

तस्करों को भ्रमित करने के लिए एक तरफ नाकाबंदी रखी गई, वहीं दूसरी गोपनीय टीम ने निगरानी रखकर बस्सी क्षेत्र में एक संदिग्ध भैंसों के बाड़े का पता लगा लिया। बाड़े के चारों ओर ऊंची दीवारें और बड़ा लोहे का फाटक लगा हुआ था। जांच में सामने आया कि तस्कर रास्ते में पुलिस की मौजूदगी देखकर होटलों में शरण लेते थे और आगे एस्कोर्ट गाड़ियां चलाते थे। माल लाने के बाद वे उसे तुरंत बाज़ार में न भेजकर 1 से 2 दिनों के लिए तबेले जैसे सुरक्षित ठिकाने पर डंप कर देते थे, ताकि पुलिस को भनक न लगे।

जब्त एक लग्जरी वाहन मई माह में दिल्ली से चोरी हुई थी, जिसका मूल रजिस्ट्रेशन अरुणाचल प्रदेश का है, लेकिन इस पर ग्वालियर की बुलेट का नंबर लगा था। नोएडा से चोरी होने की संभावना है, जिस पर गुजपरात की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। इस गाड़ी के इंजन और चैचिस नंबर पूरी तरह से घिसे हुए पाए गए।

◆फायरिंग की नीयत से रखते थे हथियार

​आईजीपी विकास कुमार ने बताया कि तस्कर पुलिस से आमना-सामना होने पर फायरिंग कर भागने के उद्देश्य से अपने पास पंप एक्शन गन और दोनाली बंदूक जैसे घातक हथियार रखते थे। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई करोड़ों के अवैध मादक पदार्थ को बाज़ार में पहुँचने से रोकने के साथ-साथ इस संगठित गिरोह की रीढ़ तोड़ने में कारगर साबित होगी। ANTF अब चित्तौड़गढ़ पुलिस के साथ मिलकर इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर