
कपासन। सोशल मीडिया पर तलवार से केक काटकर सनसनी फैलाने और इलाके में दहशत कायम करने की कोशिश करने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने सलाखों के पीछे धकेल दिया है। कपासन दरगाह के बाहर सरेआम तलवार लहराने और उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले आरोपी शोएब लाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला 11 जुलाई का है, जब निंबाहेड़ा निवासी और कोतवाली थाने के हिस्ट्रीशीटर शोएब लाला ने कपासन दरगाह के बाहर सार्वजनिक स्थान पर एक बड़ी और धारदार तलवार से केक काटा था। इस दौरान उसके साथी हुड़दंग मचाकर इस कृत्य को बढ़ावा दे रहे थे। 25 जुलाई को सोशल मीडिया निगरानी के दौरान इंस्टाग्राम हैंडल shoaiblala7777nimbahera पर यह रील सामने आई। पुलिस जांच में साफ हुआ कि आरोपी ने आमजन में भय का माहौल बनाने और अपनी दबंग छवि स्थापित करने के मकसद से यह वीडियो वायरल किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन और चित्तौड़गढ़ एसपी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त कार्रवाई की गई। एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और कपासन डीएसपी हरीश भारती के सुपरविजन में कपासन थाना पुलिस, कोतवाली निंबाहेड़ा, सदर निंबाहेड़ा और डीएसटी टीम ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी शोएब लाला पिता डेरन खान कोई मामूली अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, लूट, मारपीट, राजकार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं में कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी निंबाहेड़ा क्षेत्र में लाला नाम से गैंग संचालित करता है, जो व्यापारियों से रंगदारी मांगने और अवैध वसूली का काम करती है। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान शोएब लाला से गिरोह के अन्य सदस्यों और अवैध हथियारों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर खौफ फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्यवाही करने वाली टीम में कपासन थानाधिकारी सुनील शर्मा, हैड कांस्टेबल किशन सिंह, सुशील, जितेन्द्र, शोभाराम और
अभियुक्त को डिटेन करने वाली टीम में
पुलिस थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा थानाधिकारी प्रवीण टांक, हैड कांस्टेबल हरविंदर, ज्ञान प्रकाश, विजय सिंह, हेंमत सरिया राम व पुलिस थाना सदर निम्बाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा,कांस्टेबल श्याम लाल और डी.एस.टी टीम, एएसआई सुरज कुमार, कांस्टेबल अरविन्द कृष्ण कांत, अशोक,जगदीश, शिशपाल, सुरेश सुंडा,
देवेद्र, विरेन्द्र आदि शामिल थे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़