Explore

Search

August 8, 2026 5:31 am

बल्कर की सील तोड़ 6 टन सीमेंट चोरी, मिलावट करते तीन आरोपी गिरफ्तार

गंगरार। गंगरार थाना पुलिस ने सीमेंट चोरी कर उसमें मिलावट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी में प्रयुक्त एक सीमेंट बल्कर, एक ट्रैक्टर तथा पांच मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में करीब छह टन सीमेंट चोरी होना सामने आया है। पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को सूचना मिली कि रीको औद्योगिक क्षेत्र सोनियाणा में सीमेंट से भरे एक बल्कर की कंपनी सील तोड़कर उसमें से सीमेंट निकाला जा रहा है तथा उसकी जगह अन्य सामग्री मिलाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुनसान स्थान पर घेराबंदी की। वहां एक सीमेंट बल्कर, एक ट्रैक्टर तथा पांच मोटरसाइकिलें संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिलीं। जांच के दौरान पाया गया कि बल्कर की कंपनी सील तोड़कर उसमें से बड़ी मात्रा में सीमेंट निकाला जा चुका था। मौके पर मौजूद तीन व्यक्तियों से पूछताछ में सीमेंट चोरी कर उसमें अन्य सामग्री मिलाने की बात सामने आने पर पुलिस ने नाथूलाल उर्फ लालू पुत्र नारायण जाट निवासी सोनियाणा, शंकरलाल पुत्र मुंजीलाल शर्मा निवासी सोनियाणा तथा नारायणलाल पुत्र रतनलाल बैरवा निवासी परचुरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि को मौके पर बुलाया। प्रतिनिधि ने बताया कि उनकी कंपनी का बल्कर क्रमांक RJ09GJ6232 गुजरात से करीब 44.350 मीट्रिक टन सीमेंट लेकर सुजानगढ़ के लिए रवाना हुआ था। जीपीएस लोकेशन के आधार पर वाहन रीको औद्योगिक क्षेत्र सोनियाणा में खड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने श्री श्याम धर्मकांटा पर बल्कर का वजन कराया, जिसमें केवल 39.270 मीट्रिक टन सीमेंट पाया गया। जांच में करीब 6 टन सीमेंट चोरी होना प्रमाणित हुआ। परिवादी की रिपोर्ट पर थाना गंगरार में मामला दर्ज कर लिया गया है।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर