
चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस द्वारा यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग एवं विश्व प्रसिद्ध विजय स्तंभ क्षेत्र में गत दिनों में विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाकर सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने एवं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में यूनेस्को विश्व धरोहर चित्तौड़गढ़ दुर्ग, विश्व प्रसिद्ध विजय स्तंभ एवं अन्य ऐतिहासिक स्मारकों पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, नशे में वाहन चलाने एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष डिकॉय ऑपरेशन संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के सुपरविजन में गठित पुलिस टीम एएसआई सत्यनारायण, नवलराम, हैड कांस्टेबल चंद्रकरण, कांस्टेबल मनीष, राजेश ने सादे वस्त्रों में दुर्ग क्षेत्र में निगरानी रखते हुए विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 10 व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत चालानी एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल चित्तौड़गढ़ दुर्ग एवं विश्व प्रसिद्ध विजय स्तंभ प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की ऐतिहासिक धरोहर हैं। इनकी गरिमा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला पुलिस की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, नशे में वाहन चलाना, हुड़दंग करना अथवा आमजन एवं पर्यटकों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा भविष्य में भी दुर्ग क्षेत्र सहित जिले के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार के डिकॉय ऑपरेशन एवं विशेष अभियान लगातार संचालित किए जाएंगे तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस ने आमजन एवं पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़