Explore

Search

August 14, 2026 12:07 am

प्रशासन

बागंरेडा घाटा गांव निम्बाहेडा तहसील में मक्का उत्पादन बढ़ाने हेतु जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

निम्बाहेड़ा। भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान (ICAR-Indian Institute of Maize Research) द्वारा जिला चित्तौड़गढ़ के गांव बागंरेडा घाटा में आज एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 300 से अधिक किसानों ने भाग लेकर मक्का की आधुनिक खेती की तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

आईआईएमआर द्वारा संचालित एथेनॉल उद्योगों के कैचमेंट एरिया में मक्का उत्पादन बढ़ाने परियोजना के तहत किसानों को एथेनॉल उद्योगों से सीधे जोड़ने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही, खरीफ ऋतु में मक्का की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। परियोजना से लाभान्वित किसानों ने बताया मक्का की खेती अपनाने से उन्हें बेहतर उपज और अधिक मुनाफा प्राप्त हो रहा है। परियोजना के अंतर्गत किसानों को बीज, तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण तथा बाजार से जोड़ने में भी सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खरीफ सीजन में मक्का उत्पादन को बढ़ावा देना तथा फसल में आने वाली विभिन्न समस्याओं के प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग से डॉ. पी एस ढाका ने मंच संचालन किया तथा मक्का में लगने वाली प्रमुख बीमारियों एवं उनकी रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी दी।

कृषि विभाग से कृषि अधिकारी रामचंद्र ने संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के साथ-साथ जैविक उर्वरकों, जैसे जीवामृत एवं बीजामृत, को तैयार करने की विधि तथा उनके लाभों के बारे में बताया और मक्का की उन्नत किस्मों एवं उनकी विशेषताओं के बारे में जानकारी प्रदान की। आईआईएमआर से डॉ. रामनिवास ने बताया कि यह परियोजना परियोजना प्रभारी डॉ. शंकर लाल जाट के निर्देशन में देश के 15 राज्यों में संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत 100 से अधिक जिलों के किसानों को मक्का उत्पादन के लिए बीज, कीटनाशक एवं शाकनाशी तथा तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराकर जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान खरीफ ऋतु में लगभग 1560 एकड़ क्षेत्र में किसानों को परियोजना के माध्यम से लाभान्वित किया गया है। कार्यक्रम के आयोजक शंकर लाल चौधरी ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक सिफारिशों को अपनाकर मक्का उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने फसल से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं प्रश्नों को विशेषज्ञों के समक्ष रखा, जिनका मौके पर ही समाधान एवं आवश्यक तकनीकी सुझाव दिए गए। किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर