











चित्तौड़गढ़। प्रदेश स्तर पर स्थानीय निकाय प्रमुखों की लॉटरी निकलने के साथ ही चित्तौड़गढ़ जिले के नगरीय निकायों में चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। लॉटरी के नतीजों के आते ही राजनीतिक गलियारों में चुनावी हलचल तेज हो गई है।
इस बार चित्तौड़गढ़ नगर परिषद का सभापति पद लगातार तीसरी बार अनारक्षित (सामान्य) रखा गया है। वहीं निम्बाहेड़ा, कपासन और बेगूं में निकाय प्रमुख की कमान सामान्य महिला के हाथों में होगी। इसके अलावा बड़ीसादड़ी और रावतभाटा के चेयरमैन पद अनारक्षित ओपन रहेंगे, जबकि हाल ही में नई बनी आकोला नगर पालिका का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में सभापति का पद लगातार तीसरी बार अनारक्षित रहा है। नगर परिषद बनने के बाद पहली बार यह पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हुआ था। इसके बाद लगातार दो बार अनारक्षित रहा, जिसमें एक बार भाजपा के सुशील शर्मा और दूसरी बार कांग्रेस के संदीप शर्मा सभापति बने थे।कार्यकाल पूरा होने के बाद लगभग एक साल से यहां प्रशासक की नियुक्ति है। चित्तौड़गढ़ नगर परिषद क्षेत्र में कुल 60 वार्ड और 102 मतदान केंद्र हैं। अब देखना होगा कि भाजपा अपना बोर्ड बनाती है या कांग्रेस पुराना प्रदर्शन दोहराती है।
◆ महिलाओं की सदारत और नए निकायों का गणित
45 वार्डों वाले निम्बाहेड़ा निकाय में अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित हुआ है। इसी तरह कपासन और बेगूं में भी कमान महिलाओं के हाथ होगी।
रावतभाटा और बड़ीसादड़ी दोनों 40 वार्डों वाली नगरपालिकाओं में चेयरमैन पद अनारक्षित वर्ग में रखा गया है।
नई बनी आकोला नगरपालिका में पहली बार पार्षद और चेयरमैन के चुनाव होंगे। लॉटरी के तहत यह पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुआ है।
◆सियासी समीकरण: कांग्रेस में गुटबाजी, भाजपा में अंदरखाने रणनीति
लॉटरी के बाद दोनों प्रमुख दलों भाजपा व कांग्रेस में दावेदारों को लेकर जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। जिले में कांग्रेस की अंदरूनी धड़ेबाजी खुलकर सामने आ रही है। हाल ही में कार्यकर्ताओं के सम्मेलनों में गुटबाजी देखने को मिली थी। बेगूं, रावतभाटा और बड़ीसादड़ी में बागियों के खड़े होने की संभावनाओं से पार्टी की चिंताएं बढ़ गई हैं।
वही भाजपा में एकजुटता दिखाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अंदरखाने खींचतान जारी है।
आगामी 17 अगस्त को निकायों के पार्षदों वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी और प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में तैयारियों में जुट जाएंगे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़