Explore

Search

September 25, 2026 4:37 am

केवीके बोजुंदा और सीताफल उत्कृष्टता केंद्र पहुंचे कपासन के किसान, सीखीं आधुनिक तकनीकें

चित्तौड़गढ़। जिले के कपासन क्षेत्र में कृषि विभाग ने परम्परागत कृषि विकास योजना को धरातल पर उतारने के लिए एक बड़ी और अनोखी पहल की है। कपासन-रोलिया के 4 क्लस्टरों के 110 किसानों को हरे सोने यानी जैविक खेती और उन्नत बागवानी का भविष्य दिखाने के लिए एक मेगा एक्सपोजर भ्रमण पर ले जाया गया। कृषि विभाग के सहायक निदेशक हीरालाल सालवी और कृषि अधिकारी प्रशांत जाटोलिया ने इस दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भ्रमण का पहला पड़ाव रहा कृषि विज्ञान केंद्र, बोजुंदा। यहाँ वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रतनलाल सोलंकी ने किसानों को जैविक खेती की वैज्ञानिक तकनीकों से रूबरू कराया। किसानों को केवल थ्योरी नहीं, बल्कि जीवामृत, घन जीवामृत, वेस्ट डीकम्पोजर, वर्मी कम्पोस्ट, बीजामृत, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र बनाने तथा उनके उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन दिखाया गया। इसके बाद किसानों का दल चित्तौड़गढ़ स्थित सीताफल उत्कृष्टता केंद्र पहुंचा, जो इस पूरे दौरे का मुख्य आकर्षण रहा। यहाँ विशेषज्ञों ने किसानों को कम उपजाऊ भूमि और कम पानी में भी सीताफल बागवानी से अधिक मुनाफा कमाने के गुर सिखाए। किसानों को सीताफल की उन्नत किस्मों, ग्राफ्टिंग, पौध प्रबंधन और सीताफल से बनने वाले मूल्य संवर्धित उत्पादों की पूरी जानकारी दी गई। दल प्रभारी सहायक कृषि अधिकारी बालूराम शर्मा, राकेश कुमार चौधरी और वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक आशा जोशी के नेतृत्व में किसानों ने दिव्या दीक्षा एग्रोटेक, केसरखेड़ी का भी दौरा किया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जब किसान सफल कृषि मॉडल्स को अपनी आँखों से देखते हैं, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। इस शैक्षणिक भ्रमण के बाद किसानों ने अपने खेतों में रसायनों का मोह छोड़ जैविक तकनीक अपनाने और सीताफल जैसी लाभकारी बागवानी को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। अगर यह मॉडल ज़मीन पर उतरा, तो निश्चित रूप से कपासन के किसानों के लिए जैविक खेती हरा सोना साबित होगी।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर