
चित्तौड़गढ़। महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ और फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। नाथद्वारा निवासी एक शख्स को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और महिला थाना पुलिस ने सादे कपड़ों में जाल बिछाकर डिटेन कर लिया है। आरोपी पीड़िता को उसके पुराने फोटो-वीडियो के आधार पर परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था। चित्तौड़गढ़ में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामला नाथद्वारा निवासी भरत पालीवाल का है, जो एक महिला को उसके पुराने फोटो और वीडियो के दम पर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। दरअसल, पीड़िता ने 14 सितम्बर को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी भरत पालीवाल से उसकी पहले जान-पहचान थी, लेकिन अब वो उसे आए दिन परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने जांच शुरू की। 25 सितम्बर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी फिर से पीड़िता का पीछा कर रहा है। इसके तुरंत बाद महिला थानाधिकारी रेणु खोईवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पीड़िता की सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में तैनात किया गया। जैसे ही आरोपी पीड़िता को परेशान करने उसके आसपास पहुंचा, सादे कपड़ों में मुस्तैद महिला पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। 14 सितम्बर को शिकायत प्राप्त हुई थी कि नाथद्वारा निवासी भरत पालीवाल पीड़िता को फोटो-वीडियो को लेकर ब्लैकमेल कर रहा है। 25 सितम्बर को आरोपी द्वारा पीछा करने की सूचना पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को सादे वस्त्रों में निगरानी के लिए लगाया गया और आरोपी को डिटेन किया गया। संबंधित फोटो-वीडियो डिलीट करवाकर आरोपी को पाबंद किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास मौजूद पीड़िता के सभी फोटो और वीडियो तुरंत डिलीट करवाए। साथ ही भविष्य में किसी भी तरह से परेशान न करने के लिए आरोपी को कानूनी रूप से पाबंद किया। चित्तौड़गढ़ पुलिस और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का यह त्वरित एक्शन क्षेत्र में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर एक करारा प्रहार है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़