Explore

Search

September 30, 2026 4:38 am

जिंक कौशल केन्द्र के शिक्षार्थियों को साइबर और महिला सुरक्षा के बारे मेें दी जानकारी

चित्तौड़गढ़। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत् टाटा स्ट्राइव के सहयोग से संचालित चंदेरिया स्थित जिंक कौशल केन्द्र में साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान सितंबर 2026 के तहत साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में साइबर थाना चित्तौड़गढ़ और कालिका यूनिट की टीम ने केंद्र के विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के 65 शिक्षार्थियों को डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में साइबर थाना चित्तौड़गढ़ के पुलिस उप अधीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह, थानाधिकारी सुमन कुमार, महिला कांस्टेबल सुश्री सावित्री कुमारी और कालिका यूनिट से महिला कांस्टेबल दुर्गा ने सत्र का संचालन किया। इस अवसर पर चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर सीएसआर हेड सुंदर राज, हेड सिक्योरिटी जी. मल्लेषम, जिं़क कौशल केन्द्र के प्रोजेक्ट मैनेजर राज कुमार खत्री एवं सेन्टर मैनेजन अंकुश शर्मा सहित केंद्र के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

◆ साइबर सुरक्षा पर जागरूकता

सत्र के दौरान साइबर थाना चित्तौड़गढ़ थानाधिकारी सुमन कुमार ने विभिन्न कोर्स के छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर होने वाले फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े जोखिम तथा इंटरनेट के माध्यम से होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने, अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही, किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा पर कालिका यूनिट ने दी जानकारी

महिला सुरक्षा पर आयोजित विशेष सत्र में कालिका यूनिट की दुर्गा ने शिक्षार्थियों को आत्मरक्षा के महत्व और इसके विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग एवं साइबर उत्पीड़न के खतरों से आगाह करते हुए उनसे बचने के आवश्यक उपाय बताए। सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उन्होंने महत्वपूर्ण आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिसमें महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबर शामिल रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सुंदर राज ने इस ज्ञानवर्धक एवं महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र के लिए साइबर थाना चित्तौड़गढ़ और कालिका यूनिट की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम जिंक कौशल केन्द्र के शिक्षार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और उन्हें डिजिटल एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर