चित्तौड़गढ़। श्रीसांवलिया सेठ के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात प्रबन्धन को ध्यान में रखते हुए श्रीसांवलियाजी मन्दिर मण्डल मण्डफिया द्वारा 23 सितम्बर से सशुल्क वाहन पार्किंग सुविधा प्रारम्भ की गई है। श्री साँवलियाजी मन्दिर मण्डल की ओर से जारी इस आदेश के बाद सोशल मीडिया पर भी श्रद्धालुओं की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी हैं। मासिक करोड़ों का चढ़ावा भगवान श्री साँवलिया सेठ के आने के बाद भी श्रद्धालुओं से वाहन पार्किंग चार्ज लिया जाएगा। मन्दिर मण्डल के आदेश के अनुसार वाहन पार्किंग के लिए मण्डफिया स्थित मीरा सर्किल पार्किंग, मेला ग्राउण्ड पार्किंग, गोकुल विश्रान्ति गृह के पास की पार्किंग सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। मन्दिर मण्डल की मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम ने बताया कि न्यूनतम छह घंटे हेतु दुपहिया वाहनों का शुल्क दस रुपये, तिपहिया एवं चौपहिया वाहनों का बीस रुपये, मिनी बस अथवा अन्य वाहनों का पचास रुपये तथा बस एवं बड़े वाहनों का शुल्क एक सौ रुपये निर्धारित किया गया है। अतिरिक्त समय की पार्किंग हेतु अलग-अलग दरें भी लागू की गई हैं। संवेदक द्वारा प्रत्येक पार्किंग स्थल एवं मुख्य स्थानों पर पार्किंग शुल्क संबंधी सूचना बोर्ड स्थापित किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मन्दिर मण्डल ने दर्शनार्थियों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और मन्दिर व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़