चित्तौड़गढ़। चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बारे में रोजाना सुनने को मिलता ही रहता हैं लेकिन चित्तौड़गढ़ में बुधवार को दिनदहाड़े एक महिला के गले से चेन उड़ाने का नया अंदाज देखने को मिला हैं। ऑटो में सवार होकर सफर करने वाली महिलाओं के गिरोह ने शातिराना अंदाज में इस वारदात को अंजाम दिया है। चन्देरिया क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला के गले से डेढ़ तौला सोने की चेन पार कर ली गई। जानकारी के अनुसार, निम्बाहेड़ा निवासी 60 वर्षीय निर्मला टेलर पत्नी नरेंद्र टेलर अपने परिवार की दो अन्य महिलाओं के साथ चन्देरिया में अपने मिलने वालों के यहां किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट चौराहा से ऑटो में सवार हुई थीं। सफर के दौरान शास्त्री नगर चौराहा के आसपास से दो अज्ञात महिलाएं और ऑटो में बैठीं। बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे चन्देरिया फाटक के पास मैन रोड़ पर निर्मला के ऑटो से उतरने से पहले ही अचानक सामने बैठी एक महिला निर्मला के ऊपर गिरने का नाटक किया और कुछ देर तक उनसे लिपटी रही और बाद में सॉरी बोलकर बहाना बनाया कि आंटी आपको चोट तो नही लगी। इस दौरान पीड़ित महिला निर्मला को भनक तक नहीं लगी कि वह उनके गले से सोने की चेन उड़ा चुकी हैं। चन्देरिया पुलिस चौकी के पास निर्मला और उनके परिवार की दो महिलाएं भी उतर कर कार्यक्रम के लिए रवाना हो गई और ऑटो पूठोली की ओर रवाना हो गया। कुछ दूर पैदल चलने के बाद जब निर्मला का हाथ गले पर गया, तो उन्हें चेन गायब मिली। आनन-फानन में वे वापस उसी स्थान पर पहुंचीं और ऑटो व संदिग्ध महिलाओं की तलाश की, लेकिन तब तक वे रफूचक्कर हो चुकी थीं। पीड़ित महिला निर्मला ने बताया कि संदिग्ध महिलाओं में से एक ने साड़ी और एक ने सलवार सूट पहन रखा था। घटना के तुरंत बाद परिजनों को सूचना दी गई और चन्देरिया पुलिस थाना में भी रिपोर्ट दी। बताया गया कि उस ऑटो को और उसमें बैठी संदिग्ध महिलाओं को ढूंढने के प्रयास किया लेकिन कही नही मिली।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़