Explore

Search

April 21, 2026 9:04 pm

रावतभाटा में कल 3 घंटे की मेगा मॉक ड्रिल: हवाई हमले जैसे हालात में सुरक्षा तंत्र की होगी परीक्षा

रात 8 बजे पूरे शहर में रहेगा 5 मिनट का ब्लैकआउट, सायरन की गूंज के बीच NDRF और सुरक्षा एजेंसियां संभालेंगी मोर्चा

रावतभाटा। संभावित हवाई हमले और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए बुधवार, 23 अप्रैल को रावतभाटा शहर में 3 घंटे की व्यापक मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान परमाणु बिजलीघर की सुरक्षा से लेकर शहर के नागरिक सुरक्षा प्रबंधन का कड़ा परीक्षण होगा। इस महत्वपूर्ण अभ्यास को लेकर सोमवार को नगर पालिका सभागार में इंसिडेंट कमांडर एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद कुमार मल्होत्रा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रशासन, पुलिस और परमाणु बिजलीघर के अधिकारियों ने ड्रिल की रूपरेखा साझा की। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मॉक ड्रिल शाम 6 बजे शुरू होकर रात 8 बजे तक चलेगी। इस दौरान नागरिकों को सतर्क करने के लिए हर घंटे सायरन बजाया जाएगा। ड्रिल के समापन पर रात ठीक 8 बजे पूरे शहर में 5 मिनट का ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी, ताकि आपातकालीन प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय की क्षमता को मापा जा सके।

प्रशासन ने मॉक ड्रिल के लिए तीन संवेदनशील स्थानों का चयन किया है।

  1. भारी पानी संयंत्र– यहाँ गैस रिसाव की स्थिति में बचाव कार्यों का अभ्यास होगा।
  2. एनटीसी गेट– यहाँ बाहरी सुरक्षा और प्रवेश नियंत्रण की जांच होगी।
  3. राणा प्रताप सागर बांध– बांध की सुरक्षा और जल प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों का परीक्षण होगा।

इमरजेंसी की घोषणा के साथ ही प्रशासन, पुलिस, सीआईएसएफ और सिविल डिफेंस की टीमें सक्रिय हो जाएंगी। कोटा से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की विशेष टीमें रावतभाटा पहुँचेंगी। सुरक्षा बलों की त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। साथ ही, बीएसएनएल द्वारा सभी उपभोक्ताओं को मोबाइल पर अलर्ट मैसेज भेजे जाएंगे। एडीएम विनोद कुमार मल्होत्रा और उपखंड अधिकारी डॉ. कीर्ति व्यास ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभ्यास के दौरान संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह केवल सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने का एक नियमित हिस्सा है। बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 5 मिनट के ब्लैकआउट के तुरंत बाद आपूर्ति बहाल कर दी जाए।

बैठक में ये रहे मौजूद

तहसीलदार विवेक गरासिया, परमाणु बिजलीघर प्रशिक्षण अधीक्षक नवनीत शर्मा, थाना अधिकारी संजीव स्वामी, अधिशाषी अभियंता आशीष जैन, बीसीएमओ डॉ. अनिल जाटव सहित विद्युत और सार्वजनिक निर्माण विभाग के आला अधिकारी उपस्थित थे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर