
बेगूं/चित्तौड़गढ़। कोटा-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे-27 पर बेगूं थाना क्षेत्र के अंतर्गत माडना के समीप मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक होटल के पास दो दोस्तों के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी ने अपने ही दोस्त पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक युवक मीडिया जगत से जुड़ा हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटा शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित महात्मा गांधी कॉलोनी निवासी गौरव चतुर्वेदी (30) पुत्र प्रमोद चतुर्वेदी, मंगलवार रात अपने ही मोहल्ले में रहने वाले दोस्त कमल सिंह राठौड़ के साथ बाइक से सांवलिया जी मंदिर दर्शन के लिए निकला था। रात करीब 10:40 बजे हाईवे पर स्थित द्वारकाधीश होटल काटूंदा मोड़ के पास दोनों रुके और वहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मृतक के भाई नवनीत चतुर्वेदी ने बताया कि जब गौरव बाथरूम करने के लिए जा रहा था, तभी पीछे से आरोपी कमल सिंह ने उसकी गर्दन पर चाकू से जोरदार वार कर दिया। हमले के कारण गौरव जैसे ही जमीन पर गिरा, आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण गौरव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बेगूं थानाधिकारी कमलचन्द मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को बेगूं के उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार सुबह मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। चार भाइयों में तीसरे नंबर का गौरव अविवाहित था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी कमल सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हत्या के स्पष्ट कारणों का पता लगाया जा सके।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़