Explore

Search

September 9, 2026 5:57 pm

अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल रवाना, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए दिए आवश्यक निर्देश

चित्तौड़गढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, मॉकपोल, निर्वाचन सामग्री एवं मतदान दिवस की संपूर्ण प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. मंजू ने मतदान कार्मिकों को दिए निष्पक्षता एवं सतर्कता के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए कि मतदान दिवस पर सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें तथा अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें।

उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक अपने निर्धारित मतदान बूथ पर पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करें तथा बिना सक्षम अनुमति के मतदान केंद्र नहीं छोड़ें। मतदान कार्मिक किसी भी प्रकार के रिश्तेदारी, व्यक्तिगत संबंध अथवा राजनीतिक दलों से संपर्क से दूर रहते हुए पूर्ण निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी कार्मिक राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराएं।

पुलिस अधीक्षक ने ईवीएम एवं मतदान दल की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने पुलिस कार्मिकों को निर्देश दिए कि मतदान दलों के साथ समन्वय रखते हुए ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित मतदान दल के साथ रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर आने वाले मतदाताओं की निर्धारित नियमों के अनुसार जांच की जाए तथा मतदान करने वाले व्यक्ति के पास किसी भी प्रकार का चुनाव चिन्ह अथवा चुनाव प्रचार संबंधी सामग्री नहीं होनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल अथवा प्रत्याशी से जुड़ा व्यक्ति मतदाताओं को प्रभावित करने या चुनाव संबंधी जानकारी देकर मतदान को प्रभावित करने का प्रयास नहीं करे। पुलिस कार्मिक ऐसे मामलों में सतर्कता बरतते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें।

आरओ ने दी स्थानीय चुनाव व्यवस्थाओं की जानकारी

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद की रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर राजलक्ष्मी गहलोत ने मतदान दलों को नगर परिषद क्षेत्र में मतदान केंद्रों, निर्वाचन सामग्री, मतदान प्रक्रिया एवं मतदान दिवस की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

इसी प्रकार बेगूं एवं रावतभाटा क्षेत्र के मतदान दलों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण एवं निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देश प्रदान कर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

मॉकपोल से लेकर मतदान समाप्ति तक की प्रक्रिया का कराया अभ्यास

प्रशिक्षक डॉ. कनक जैन एवं ओमप्रकाश पालीवाल ने मतदान कार्मिकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम संचालन, मॉकपोल, मतदान प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों के संधारण तथा मतदान प्रारंभ होने से लेकर शाम 6 बजे तक की मतदान प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में कार्मिकों को विभिन्न परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। प्रशिक्षकों ने सभी कार्मिकों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन पूरी सावधानी, निष्पक्षता एवं सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, आईएएस रविंद्र मेघवाल, मुद्रा सहित यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर