चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में सोमवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के पूर्व छात्र मेजर जनरल विनोद कुमार रहे। स्कूल परिसर स्थित एथलेटिक ग्राउंड में आयोजित समारोह में कैडेट्स ने अनुशासन, उत्साह एवं खेल भावना का परिचय दिया। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल तथा प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि स्कूल के एथलेटिक ग्राउंड में मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली एवं मशाल प्रज्वलित कर वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह के दौरान स्कूल के कैडेट करन जोहरार ने सभी सदनों के प्रतिभागी कैडेट्स को खेल भावना, अनुशासन, ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से कैडेट्स ने खेल के नियमों का पालन करने, प्रतिद्वंद्वियों के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा अपनी क्षमताओं का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। स्कूल में आयोजित इस तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता को तीन वर्गों में विभाजित किया गया है। इनमें सीनियर ग्रुप ‘ए’, जूनियर ग्रुप ‘बी’ तथा सब-जूनियर ग्रुप ‘सी’ शामिल हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक, क्रिकेट बॉल थ्रो, ट्रिपल जंप तथा 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं को शामिल किया गया है। प्रत्येक स्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को निर्धारित नियमों के अनुसार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किए जाएंगे।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत 100 मीटर दौड़ से हुई। इस स्पर्धा में कैडेट्स ने पूरे उत्साह एवं ऊर्जा के साथ भाग लिया। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों की गति, चुस्ती एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली। ग्रुप ए सीनियर बालक वर्ग की लम्बी कूद में बादल हाउस का कैडेट मंजीत प्रथम, लव हाउस का कैडेट अंकित द्वितीय एवं जयमल हाउस का कैडेट नमन तृतीय स्थान पर रहे। ग्रुप ’ए’ सीनियर बालिका वर्ग की लंबी कूद में कैडेट नंदनी कुमारी प्रथम, कैडेट अनोखी मोची द्वितीय एवं कैडेट अनामिका तृतीय स्थान पर रहीं। तीन दिवसीय इस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन बुधवार को होगा। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़