Explore

Search

October 27, 2026 3:26 pm

मुनीम की झूठी लूट का 3 घंटे में पर्दाफाश, 19.83 लाख रुपये झाड़ियों से बरामद

चित्तौड़गढ़। सदर चित्तौड़गढ़ थाना क्षेत्र के बोजुंदा पुलिया के पास पुलिस ने मुनीम द्वारा रची गई 19 लाख 83 हजार रुपये की झूठी लूट की साजिश का मात्र 3 घंटे में खुलासा कर दिया। आरोपी मुनीम बालकिशन पूर्बिया निवासी खेताखेड़ा कानोड़, जिला उदयपुर को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, सिंचाई विभाग के कॉन्ट्रेक्टर के यहां मुनीम के रूप में कार्यरत बालकिशन 19 लाख 83 हजार रुपये बस्सी से बाइक पर लेकर धरियावद के लिए रवाना हुआ था। सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे थाने पर सूचना मिली कि मुनीम के आगे 3 लोग मुंह पर कपड़ा लगाकर आए और उसे नीचे गिराकर बैग में रखी करीब 20 लाख रुपये की राशि लूटकर फरार हो गए।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र जोधा और वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह के निर्देशन में तुरंत पुलिस टीम गठित कर खुलासे के आदेश दिए गए। थाना सदर चित्तौड़गढ़ थानाधिकारी प्रेम सिंह मय टीम और जिला स्पेशल टीम ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।

जांच में सामने आया कि मामला मुनीम द्वारा मनगढ़ंत तैयार किया गया था। पुलिस ने मुनीम से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने खुलासा किया कि दिवाली के समय स्कॉर्पियो गाड़ी लेने के लिए उसने यह योजना बनाई और लूट का रूप देकर पैसों को पुलिया के पास झाड़ियों में छिपा दिया। अपना मोबाइल तोड़कर सड़क के दूसरी तरफ फेंक दिया।

मुनीम बालकिशन की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाए गए स्थान से 19 लाख 83 हजार रुपये बरामद किए। साथ ही फूटा हुआ मोबाइल और बाइक भी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी मुनीम को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर