
चित्तौड़गढ़। कोर्ट-कचहरी में कानून की जद में रहकर मुवक्किलों की पैरोकारी कर न्याय दिलाने का दंभ भरने वाले यदि खुद ही हथियार उठा ले तो उसे क्या कहा जायेगा..? ऐसा ही एक वाकया चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार न्यायालय में हुआ है। जहां बार एसोसिएशन का विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक अधिवक्ता ने दूसरे अधिवक्ता पर तलवार से वार कर दिया। इस घटनाक्रम में दोनों अधिवक्ताओं को चोटें आई हैं। एक वकील की तलावार के वार से उंगलियां कट गई, वहीं दूसरे के सिर पर चोटें आई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगरार के बार एसोसिएशन को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था और गंगरार में वकीलों के दो गुट बने हुए थे। कमलेश शर्मा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष है जबकि दूसरे गुट के वर्तमान अध्यक्ष जोरावर सिंह है। यह विवाद चल ही रहा था इसी बीच आज सुबह कमलेश शर्मा गंगरार न्यायालय में पहुंचे जहां जोरावर सिंह भी आया और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जानकार सूत्रों ने बताया कि बोलचाल होने के बाद जोरावर सिंह अपनी गाड़ी में रखी तलवार निकालकर लाया और न्यायालय परिसर में ही कमलेश शर्मा पर वार कर दिया। जिसके कारण उसके हाथों की उंगलियां कट गई। हंगामा होने के दौरान जोरावर सिंह के भी सिर पर चोट आई। दोनों को ही अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
●एक गुट को बाद काउंसिल ने दी थी मान्यता
गंगरार में वकीलों के दो गुटों के बीच लम्बे समय से विवाद चल रहा था और पिछले दिनों एक गुट का अध्यक्ष जोरावर सिंह निर्वाचित हुआ था। इसी विवाद के बीच कमलेश शर्मा वाले गुट ने बार काउंसिल ऑफ राजस्थान में मान्यता के लिए आवेदन किया जहां से उन्हें मान्यता मिल गई और उन्होंने अशोक जागेटिया को अपना अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया। अब गंगरार में वकीलों के दोनों गुटों में पिछले कुछ समय से तनातनी चल रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और गुरुवार को तलवारबाजी की घटना हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से थाने में रिपोर्ट दी गई है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़