
गंगरार। क्षेत्रीय विधायक डॉ सुरेश धाकड़ के सतत प्रयासों एवं अनुशंसा से क्षेत्रवासियों को एक और बड़ी सौगात मिली है। बेड़च नदी पर चावंडिया से आकोडिया मार्ग के बीच बड़ी पुलिया निर्माण हेतु 6 करोड़ 60 लाख की लागत से टेंडर जारी कर दिया गया है। गोपाल शर्मा ने बताया कि इस पुलिया के बनने से गंगरार, साडास, राजगढ़, पारसोली सहित दर्जनों गांवों के नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
यह पुलिया न केवल ग्रामीणों के जीवन को सरल बनाएगी, बल्कि गंगरार से बेगूं रावतभाटा, जोगणिया माताजी, बानोडा बालाजी, मेनाल जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी एक सुविधाजनक मार्ग प्रदान करेगी। बारिश के समय बेड़च नदी में जलभराव के चलते कई बार मार्ग अवरुद्ध हो जाता था। अब इस पुलिया से स्थायी समाधान मिलेगा। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास पूरे क्षेत्र में गति पकड़ रहा है।
बेगूं विधायक डॉ सुरेश धाकड़ ने कहा
मेरे क्षेत्र की जनता को किसी भी मूलभूत सुविधा से वंचित नहीं रहने दूंगा। चावंडिया ओकोडिया मार्ग पर पुलिया निर्माण की माँग वर्षों से लंबित थी। मैंने इसे प्राथमिकता दी और लगातार शासन स्तर पर पत्राचार एवं अनुशंसा की। मैं हमेशा जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हूँ और यह पुलिया क्षेत्र के लिए एक स्थायी समाधान लेकर आएगी।