Explore

Search

April 16, 2026 12:45 pm

सांसद ने उठाया नवनिर्मित हाइवे एनएच 162 ई की खामियों का मुद्दा

राजसमंद (गौतम शर्मा) । राजसमंद सांसद  महिमा कुमारी मेवाड़ ने लोकसभा में नियम 377 के तहत राजसमंद संसदीय क्षेत्र से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 162-ई पर हल्दीघाटी, खमनोर से निचली ओडन तक निर्मित सड़क में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं, जिनके चलते आमजन को निरंतर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और सड़क हादसों की आशंका बनी हुई है।
सांसद ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान जहाँ पहाड़ियां काटी गई हैं, वहाँ पत्थरों और पहाड़ों के दरकने की समस्या उत्पन्न हो रही है, साथ ही आवश्यक सुरक्षा उपायों का भी अभाव दिखाई दे रहा है। सड़क के किनारे रेलिंग जैसी मूलभूत सुरक्षा व्यवस्थाएं भी पर्याप्त रूप से नहीं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि इस राजमार्ग पर निचली ओडन से हल्दीघाटी तक लगभग 13 किलोमीटर लंबे टू-लेन मार्ग में करीब 25 अत्यधिक घुमावदार मोड़ हैं। विशेषकर सरसूनिया क्षेत्र में पिछले एक माह में कई सड़क हादसे हो चुके हैं जिनमें जनहानि भी हुई है। नियमों के अनुसार सड़क किनारे पौधारोपण कार्य भी नहीं किया गया है, जिससे पर्यावरणीय और सुरक्षा दोनों दृष्टियों से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
महिमा कुमारी मेवाड़ ने सरकार से मांग की कि इस सड़क पर सुरक्षा मानकों की तत्काल समीक्षा की जाए। घुमावदार मोड़ों को सुधारने, पर्याप्त रेलिंग लगाने, दरकते पत्थरों से बचाव हेतु युक्तियुक्त उपाय सुनिश्चित करने तथा सड़क किनारे पौधारोपण कार्यों को शीघ्रातिशीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही, लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम तत्काल प्रभाव से उठाए जाएं ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर