

बेगूं। कस्बे में विजयादशमी का पर्व गुरुवार को परंपरागत आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। राउमावि छापरा के पीछे मैदान में 60 फीट ऊंचे रावण का पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर श्री बजरंग व्यायाम शाला परशुराम मित्र मंडल द्वारा शस्त्र पूजन किया गया। पूजन उपरांत भगवान श्रीराम की शोभायात्रा एवं अखाड़े का जुलूस निकाला गया। रावण दहन से पूर्व बजरंग व्यायाम शाला के पहलवानों ने अखाड़ा प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। शाम आठ बजे आतिशबाजी का दौर शुरू हुआ और मंत्रोच्चारण के बीच रावण पुतले की पूजा की गई। इसके बाद रात नौ बजे शुभ मुहूर्त में रावण दहन किया गया। पुतला दहन देखने के लिए बेगूं कस्बे सहित आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस जाप्ता तैनात रहा। दशहरा मेले में उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, नायब तहसीलदार विष्णु यादव, नपा अध्यक्ष रंजना शर्मा, थानाधिकारी शिवलाल मीणा, बजरंग व्यायाम शाला अध्यक्ष शंभूलाल डिडवानिया, नगर मंडल अध्यक्ष विदुषी बिल्लू, पालिका उपाध्यक्ष प्रिंस बाबेल,जयदीप बिल्लू,नरेंद्र पुरोहित सहित अन्य उपस्थित रहे। इस दौरान दशहरा मैदान प्रांगण में मंच का संचालन जयदीप बिल्लू ने किया।
तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव के तहत शुक्रवार को 3 अक्टूबर को भगवत सुथार और प्रियंका विश्वकर्मा खाटूश्यामजी भजनों की प्रस्तुति देंगे, वहीं 4 अक्टूबर को सुरलहरी लहरुदास वैष्णव और जगदीश वैष्णव मुंगाणा द्वारा सांवरिया सेठ के भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।




Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -