Explore

Search

December 14, 2025 1:58 pm

जैसलमेर में दौड़ती बस में भीषण आग, हादसे में 20 यात्रियों की मौत, 15 झुलसे

राजस्थान के जैसलमेर में बड़ा हादसा हो गया है। यहां सवारियों से भरी बस में भीषण आग लग गई है। हादसे के दौरान बस में 57 यात्री सवार थे। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई यात्री आग की चपेट में आने से झुलस गए जिनका उपचार जारी हैं। जानकारी के अनुसार जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक प्राइवेट एसी स्लीपर बस में अचानक आग लगने से 19 लोग जिंदा जल गए। वहीं, इस बस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 16 लोगों को जोधपुर ले जाया गया, जहां पर एक और युवक की मौत हो गई। कुल मिलाकर आग लगने से हुए इस भीषण बस हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हृदय विदारक इस बस हादसे पर राष्ट्रपति, द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।

पीएम मोदी ने इस हादसे में जनहानि पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है और मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बस हादसे की सूचना पर जयपुर से विशेष विमान के जरिए जैसलमेर पहुंचे और जली हुई बस का निरीक्षण किया। इसके बाद वह जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल अस्पताल पहुंचकर गंभीर रूप से झुलसे लोगों का हालचाल जाना और उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए। पोकरण विधायक प्रताप पुरी ने 20 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि बस में 19 यात्रियों की मौत हो गई और एक ने जोधपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के चश्मदीदों के मुताबिक बस में इतनी तेज आग लगी थी कि कोई पास भी नहीं जा पा रहा था। स्थानीय लोगों ने पानी के टैंकर से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। आग की लपटों में घिरी बस को देखकर सैन्य स्टेशन से सेना के जवान और मेडिकल टीम के सदस्य वहां पहुंचे। सूचना पर पहुंचे दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया। जैसलमेर से जोधपुर जा रही एम्बुलेंस वाहनों को तत्परता से अस्पताल तक पहुंचाने के लिए करीब 263 किलोमीटर का ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। जिला परिवहन विभाग के सूत्रों ने बताया कि यह बस केके ट्रेवल्स की है और चित्तौडगढ़़ में रजिस्टर्ड है। बताया जाता है कि बस नई थी, जिसके फिटनेस आदि कागजात पूरे थे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर