Explore

Search

February 6, 2026 11:27 am

दिवाली पर अतिरिक्त कार्य भत्ता नहीं मिलने से बिजली कर्मचारियों में नाराज़गी : कार्य बहिष्कार का लिया निर्णय

चित्तौड़गढ़। हर वर्ष दीपावली पर्व पर शहरी क्षेत्र में तैनात कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्य भत्ता दिया जाता है, परंतु इस वर्ष निगम प्रशासन द्वारा यह भत्ता नहीं दिए जाने से कर्मचारियों में असंतोष फैल गया है। अजमेर डिस्कॉम के चित्तौड़गढ़ शहरी क्षेत्र में कार्यरत समस्त बिजली कर्मचारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया।

बिजली तकनीकी कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्षभर शहर में मोहर्रम, गणेश विसर्जन, नवरात्र, दशहरा सहित आयोजित विभिन्न त्योहारों पर विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निरंतर सेवाएँ देते हैं। इसके बावजूद इस बार दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर ओवरटाइम भुगतान नहीं मिलने से उनमें गहरा आक्रोश है।

कर्मचारियों ने यह भी कहा कि निगम प्रशासन द्वारा अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है। ओवरटाइम भत्ते से संबंधित मांगों पर भी कोई उचित निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के चलते सभी तकनीकी कर्मचारियों ने दीपावली के प्रमुख त्योहार के उपलक्ष्य में वे कोई अतिरिक्त कार्य नहीं करने का सामूहिक रूप से निर्णय लिया।

कर्मचारियों ने बताया कि विभाग द्वारा पिछले कईं दिनों से ड्यूटी ऑवर्स के अलावा विद्युत मेन्टेनेन्स का काम करवाया गया और कर्मचारी भी इसी आशा के साथ पूरी मेहनत से काम करते आ रहे थे कि दीपावली पर उन्हें अतिरिक्त कार्य भत्ता मिलेगा, किन्तु विभाग द्वारा भत्ता नहीं दिया गया।  

कर्मचारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि विभागीय हठधर्मिता के चलते लिये इस निर्णय से यदि विद्युत आपूर्ति या वितरण व्यवस्था में कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो उसकी समस्त जिम्मेदारी बिजली तकनीकी कर्मचारियों की नहीं होकर निगम प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों की होगी।

चित्तौड़गढ़ शहर के समस्त बिजली तकनीकी कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन से शीघ्र वार्ता कर इस प्रकरण का समाधान निकालने की मांग की ताकि स्थिति सामान्य हो सके।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर