बेगूं। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत मंगलवार को बेगूं क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग ने काटुन्दा बेगूं मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान एक ट्रैक्टर ट्रॉली से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब और बीयर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी आयुक्त (उदयपुर) के निर्देशानुसार प्रदेशभर में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह राजपुरोहित के सुपरविजन और सहायक आबकारी अधिकारी जगदीश राम विश्नोई के नेतृत्व में आबकारी निरोधक दल ने पीपली खेड़ा चौराहा पर जाल बिछाया। जांच के दौरान काटुन्दा की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रुकवाकर तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखे गए 18 कार्टन बरामद हुए। इन कार्टनों से 768 पव्वे देशी शराब और 24 बोतल बीयर जब्त की गई। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कार्यवाही के दौरान मौके से भैरू लाल रेगर और राजुलाल रेगर को गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 19/54 व 54-ए के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगामी अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।